साउथ की एक्ट्रेस रानी से ड्राइवर ने लिया खूनी बदला

एक दिन शूटिंग से लौटते वक्त रानी पद्मिनी अपनी कार में बैठी थीं। उसी दौरान ड्राइवर जैकब ने अचानक उन्हें गाल पर थप्पड़ मार दिया। रानी ने तुरंत उसे नौकरी से निकाल दिया। इससे नाराज होकर जैकब ने बदला लेने की ठानी। उसने कुक और चैकीदार को साथ मिलाया और रानी पद्मिनी के घर से गहने चुराने की साजिश रची। जैकब ने इसके लिए एक चाकू खरीदा और घर में घुसकर चोरी की कोशिश की लेकिन उसी वक्त रानी की मां इंद्रा कुमारी ने उसे देख लिया। पकड़े जाने के डर से जैकब ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर रानी दौड़ी आईं, लेकिन जैकब ने उन पर भी वार कर दिया। बताया जाता है कि उसने रानी पद्मिनी के सीने पर 17 बार चाकू मारा था।
साउथ की टैलेंटेड एक्ट्रेस रानी पद्मिनी का जन्म 1962 में चेन्नई में हुआ था। उनकी मां इंद्रा कुमारी फिल्मों में डबिंग किया करती थीं। वो चाहती थीं कि उनकी बेटी भी एक दिन सिनेमा की बड़ी अभिनेत्री बने। इंद्रा कुमारी ने अपनी बेटी का नाम पद्मिनी इसलिए रखा था क्योंकि पद्मिनी, उनकी अपनी पसंदीदा डांसर और एक्ट्रेस रहीं। उन्होंने बचपन से ही उसे नृत्य सिखाना शुरू कर दिया था। फिल्मों में मौका दिलाने के लिए इंद्रा कुमारी अपनी बेटी को लेकर मुंबई आ गईं। वहां काफी संघर्ष किया। शुरुआत में काम नहीं मिला, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आखिरकार, 1981 में पद्मिनी को मलयालम फिल्म ‘विलंगुम वीणायम’ में एक छोटी भूमिका मिली। इसके बाद वो ‘संकरशम’ में भी नजर आईं। धीरे-धीरे उनके लिए फिल्मों के दरवाजे खुलने लगे। उन्होंने ममूटी और मोहनलाल जैसे बड़े एक्टर्स के साथ काम किया। फिर तमिल सिनेमा की तरफ रुख किया, जहां उन्होंने कार्तिक, माइक मोहन और राजकुमार सेतुपति के साथ कई फिल्में कीं। चूंकि उस वक्त इंडस्ट्री में पहले से कई ‘पद्मिनी’ थीं, इसलिए उन्होंने अपना नाम बदलकर रानी पद्मिनी रख लिया। (हिफी)



