तलाक की अर्जी के साथ सपना ने हटवाया वीर का टैटू

हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चैधरी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने पति वीर साहू से तलाक की अर्जी दाखिल करने की पुष्टि की थी। अब तलाक की खबरों के बीच सपना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपनी कलाई पर गुदवाए पति वीर साहू के नाम का टैटू हटवाती नजर आ रही हैं। लेजर ट्रीटमेंट के जरिए टैटू हटवाने के इस वीडियो ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सपना चैधरी अपनी कलाई पर बने टैटू को लेजर ट्रीटमेंट के जरिए हटवाती दिखाई दे रही हैं। यह टैटू उनके पति वीर साहू के नाम का बताया जा रहा है।
हालांकि टैटू हटवाने के पीछे की वजह को लेकर सपना की ओर से इस वीडियो के संदर्भ में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।दिलचस्प बात यह है कि तलाक की खबरों की पुष्टि करने से पहले ही सपना चैधरी ने एक इंटरव्यू में अपने टैटू को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान टैटू को छिपाने में काफी समय लग जाता है। मेकअप और बाकी तैयारियों के बीच इन्हें कवर करना उनके लिए असुविधाजनक हो जाता था। सपना अब फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में भी ज्यादा काम करना चाहती हैं। ऐसे में उन्हें लगा कि टैटू हटवा लेना ज्यादा सुविधाजनक रहेगा। उस वक्त उन्होंने अपने इस फैसले को काम से जुड़ी जरूरत के तौर पर समझाया था। अब उनका वीडियो सामने आने के बाद इस बयान की भी चर्चा होने लगी है।सपना चैधरी और वीर साहू ने साल 2020 में शादी की थी। दोनों ने अपनी शादी को निजी रखा था और समारोह को सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चा में नहीं आने दिया। इस कपल के दो बच्चे भी हैं। (हिफी)



