मसूद अजहर ने महिला जिहाद ब्रिगेड बनायी

पाकिस्तान की गोद में बैठा आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने महिला जिहाद ब्रिगेड लॉन्च किया है। इस बीच जैश सरगना मौलाना मसूद अजहर की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है। इस रिकॉर्डिंग को सुनकर पता चलता है कि कैसे मसूद महिलाओं को जन्नत भेजने के नाम पर बरगला रहा है, उन्हें आतंकी जिहाद के काम में लगा रहा है।रिकॉर्डिंग से जमात-उल-मोमिनत नाम के इस नए महिला जिहाद ब्रिगेड को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। इस रिकॉर्डिंग से जैश के विस्तृत ब्लूप्रिंट का खुलासा होता है। इससे पता चलता है कि महिलाओं को आतंकी ट्रेनिंग देने, उन्हें तैनात करने के लिए आतंकी मसूद किस तरह की प्लानिंग कर रहा है। मसूद ने ये सारी बातें बहावलपुर के मरकज उस्मान ओ अली में कही हैं जिसे रिकॉर्ड भी किया गया था।
अपनी तकरीर में मसूद अजहर बता रहा है कि कैसे महिलाओं को जिहाद के लिए भर्ती किया जाएगा। कैसे उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी और कैसे उनका उपयोग किया जाएगा। ऑडियो में मसूद अजहर कहता है कि जिस तरह पुरुष आतंकियों को 15 दिनों के दौरा-ए-तरबियत नाम के कोर्स से गुजरना पड़ता है, उसी तरह जमात-उल-मोमिनत में शामिल होने वाली महिलाओं को बहावलपुर में मरकज उस्मान ओ अली में आयोजित दौरा-ए-तस्किया नाम का कोर्स करना होगा। इस रिकॉर्डिंग में सुना जा सकता है कि अपनी तकरीर में आतंकी अजहर कह रहा है कि जमात-उल-मोमिनत में शामिल होने वाली कोई भी महिला मरने के बाद अपनी कब्र से सीधे जन्नत जाएगी।
मसूद अजहर ने महिला ब्रिगेड बनाने को सही ठहराते हुए दावा किया कि जैश के दुश्मनों ने हिंदू महिलाओं को सेना में शामिल किया है और हमारे खिलाफ महिला पत्रकारों को खड़ा किया है।



