पुतिन ने सबसे ज्यादा सैन्य खर्च का बनाया बजट

मास्को। रूसी संसद ने 2027-29 के लिए एक ऐसा बजट पास किया है, जिसमें सोवियत काल के बाद से सबसे अधिक सैन्य खर्च का प्रावधान है। 590.6 अरब डॉलर के इस बजट में अगले तीन वर्षों के दौरान राष्ट्रीय रक्षा के लिए लगभग 606 अरब डॉलर आवंटित किए गए हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि मॉस्को का फिलहाल यूक्रेन में युद्ध खत्म करने का कोई इरादा नहीं है। यह आवंटित सैन्य खर्च, पिछले तीन वर्षों के बजट की तुलना में 121 अरब डॉलर अधिक है।
2022 में यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू होने के बाद से, मॉस्को ने अपनी सेना पर लगभग 710 अरब डॉलर खर्च किए हैं। नए बजट के तहत, यह आंकड़ा 2027 के अंत तक बढ़कर लगभग 918 अरब डॉलर, 2028 के अंत तक लगभग 1.1 ट्रिलियन डॉलर और 2029 के अंत तक 1.3 ट्रिलियन डॉलर से भी अधिक हो जाएगा। पुतिन सरकार बढ़ती सैन्य लागत को पूरा करने के लिए माइनिंग कंपनियों पर अतिरिक्त कर लगाने और नागरिकों के निवेश से होने वाली आय का सहारा ले रही है। इसके साथ ही, सरकार कई नागरिक क्षेत्रों में भी खर्च में कटौती करेगीय जैसे कि आवास और जन-सुविधाओं (यूटिलिटीज) के बजट में 8 प्रतिशत की कमी की जाएगी, और स्वास्थ्य सेवा के बजट में 3 प्रतिशत की कटौती होगी। पेंशन भुगतान सहित सामाजिक सहायता के मद में भी 6 प्रतिशत की कमी की जाएगी।
पुतिन ने यूक्रेन में चल रहे अपने लगभग पांच साल पुराने युद्ध को सहारा देने के लिए, व्यवसायों और उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक कर राजस्व
वसूलने की कोशिश की है। ऐसा तब हो रहा है जब देश की अर्थव्यवस्था आम नागरिकों की जरूरतों को दरकिनार कर, तेजी से सैन्य खर्च की ओर झुकती जा रही है। (हिफी)



