संगीतकार पलाश ने स्मृति मंधाना को खास अंदाज में दीं बधाई

भारत ने महिला विश्व कप 2025 की ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल रही। हर जीत टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा होती है, लेकिन इस बार उप कप्तान स्मृति मंधाना ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। पूरा देश टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहा था, तभी संगीतकार और निर्देशक पलाश मुच्छल, जो जल्द ही स्मृति मंधाना से शादी करने वाले हैं ने अपनी होने वाली पत्नी को इस उपलब्धि पर खास अंदाज में बधाई दी। महिला विश्व कप 2025 में स्मृति के दमदार प्रदर्शन के बाद पलाश ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे ट्रॉफी थामे नजर आए। तस्वीर में उनके हाथ पर बना टैटू भी साफ दिखाई दे रहा था। यह टैटू स्मृति मंधाना के नाम, उनकी बर्थ डेट (18 जुलाई) और जर्सी नंबर को दर्शाता है। तस्वीर के साथ पलाश ने कैप्शन लिखा, सबसे आगे हैं हम हिंदुस्तानी। पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी की चर्चा पिछले कुछ महीनों से जोरों पर है। बताया जा रहा है कि यह जोड़ा 20 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेगा। पलाश ने पहली बार अपने रिश्ते की पुष्टि इंदौर में इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान की थी। एक कार्यक्रम में मीडिया से बात करते हुए पलाश ने मुस्कराते हुए कहा था, वह जल्द ही इंदौर की बहू बनेगी।
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की प्रेम कहानी साल 2019 में शुरू हुई, जब उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को फॉलो करने के साथ-साथ तस्वीरें भी पोस्ट कीं। पलाश ने अपनी बहन पलक मुच्छल के सामने स्मृति को प्रपोज किया और उनके रिश्ते को 2024 में सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद से वे अक्सर एक-दूसरे के मैचों में साथ देखे जाते हैं। (हिफी)



