विश्व-लोक

ट्रंप के कड़े रुख के बाद नरम पड़े जेलेंस्की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जीरो ग्रैटिट्यूड वाले तंज के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपने रुख में नरमी दिखाई है। जेलेंस्की ने अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों का सार्वजनिक रूप से आभार जताया, जिससे दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव में थोड़ी नरमी के संकेत मिले हैं।
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जेलेंस्की पर सीधा हमला बोला था। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यूक्रेनी नेतृत्व ने युद्ध रोकने में अमेरिका द्वारा किए गए प्रयासों के लिए जरा भी शुक्रिया नहीं कहा। ट्रंप ने कहा मुझे ऐसा युद्ध विरासत में मिला, जो होना ही नहीं चाहिए था। यूक्रेन लीडरशिप हमारे प्रयासों पर जरा भी आभार नहीं जताती और यूरोप लगातार रूस से तेल खरीद रहा है। उन्होंने बाइडन प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका नाटो के जरिए हथियार बेचकर मदद कर रहा है, जबकि बाइडन सब कुछ फ्री में दे रहे थे।
ट्रंप की पोस्ट के कुछ घंटों बाद ही जेलेंस्की ने एक्स पर लिखकर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा यूक्रेन संयुक्त राज्य अमेरिका का, हर अमेरिकी नागरिक का और व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति ट्रंप का आभारी है। जेवलिन मिसाइलों से लेकर आज तक मिली सहायता ने अनगिनत यूक्रेनियों की जान बचाई है। यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच अमेरिकी शांति प्रस्ताव को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। अमेरिकी योजना सामने आते ही यूरोप के कई देशों ने चिंता जताई। जेनेवा में अमेरिका, यूक्रेन, फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के सुरक्षा सलाहकारों ने इस ड्राफ्ट पर चर्चा की। यूरोपीय अधिकारियों ने साफ किया कि उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया गया था। उधर, रूस ने दावा किया है कि मॉस्को क्षेत्र में एक बड़ा हीट और पावर स्टेशन यूक्रेनी ड्रोन हमले का शिकार हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button