सीडीएफ बनने के बाद मुनीर ने भारत के खिलाफ उगला जहर

पाकिस्तान के प्रथम रक्षा प्रमुख (सीडीएफ) बनते ही अपने पहले संबोधन में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत के खिलाफ फिर एक बार जहर उगला है और एक बार फिर चेतावनी दी है। मुनीर ने कहा कि भारत को किसी भी तरह का भ्रम नहीं पालना चाहिए। भारत की भविष्य में किसी भी आक्रामक कार्रवाई का पाकिस्तान की ओर से और भी तगड़ा जवाब दिया जाएगा।पाकिस्तानी समाचार चैनल जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मुनीर ने नवगठित रक्षा बल मुख्यालय की स्थापना को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इसका उद्देश्य सेना, वायु सेना और नौसेना की एकीकृत प्रणाली के माध्यम से बहु-डोमेन संचालन को आगे बढ़ाना है।सीडीएफ बनते ही मुनीर एक्टिव दिख रहे हैं, उन्होंने बढ़ते और बदलते खतरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नव-स्थापित रक्षा बल मुख्यालय के तत्वावधान में तीनों सेनाओं का एकीकरण समय की मांग है। उन्होंने आगे कहा, रक्षा बल मुख्यालय तीनों सेनाओं के कार्यों को एकीकृत करेगा और उन्हें सुसंगत बनाएगा। उच्च कमान के तालमेल से, तीनों सेनाएं अपनी व्यक्तिगत स्वायत्तता और संगठनात्मक ढांचे को बनाए रखेंगी।
मुनीर अब सेना प्रमुख के रूप में अपने पांच साल के कार्यकाल के साथ-साथ सीडीएफ पद भी संभालेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत द्वारा पाकिस्तानी सुरक्षा प्रतिष्ठान को भारी नुकसान पहुंचाने के बाद फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत हुए मुनीर देश के दूसरे फील्ड मार्शल और छह दशकों से भी अधिक समय में पहले फील्ड मार्शल हैं।



