वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने ट्रम्प को दांत तोड़ने की धमकी दी

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वेनेजुएला का एक तेल टैंकर जब्त करा दिया है। इससे वेनेजुएला भड़क उठा है। राष्ट्रपति मादुरो ने दांत तोड़ने तक की धमकी दे डाली है। इसके बाद अमेरिका और वेनेजुएला में युद्ध जैसे हालात बनने लगे हैं। ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर जब्त किया है। बता दें कि इस व्यापारिक जहाज पर नियंत्रण लेने के लिए अमेरिकी बलों का उपयोग बेहद असामान्य है और यह ट्रंप प्रशासन की मादुरो पर दबाव बढ़ाने की नवीनतम कोशिश को चिह्नित करता है, जिस पर संयुक्त राज्य अमेरिका में नार्को-आतंकवाद का आरोप लगाया गया है।अमेरिका ने वेनेजुएला पर दबाव बनाने के लिए इस क्षेत्र में सबसे बड़ी सैन्य उपस्थिति दर्ज कराई है, जो कि पिछले कई दशकों में सर्वाधिक है। इसके अलावा अमेरिकी बलों ने कैरेबियन सागर तथा पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित ड्रग तस्करी वाली नावों पर एक श्रृंखला की घातक स्ट्राइक की हैं। हालिया कार्रवाई के बाद ट्रंप ने कहा, हमने अभी-अभी वेनेजुएला के तट पर एक टैंकर जब्त किया है-एक बड़ा टैंकर, बहुत बड़ा, वास्तव में अब तक का सबसे बड़ा जब्त किया गया। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं को बताया कि यह बहुत अच्छे कारण से जब्त किया गया। हालांकि ट्रंप ने अतिरिक्त विवरण नहीं दिए।ट्रंप के इस कदम से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के साथ अमेरिका का तनाव चरम पर पहुंच गया है।



