मेसी के साथ फोटो सुभाश्री को पड़ा भारी

फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेसी का भारत आना फैंस के लिए किसी सपने से कम नहीं था, लेकिन कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित इवेंट उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। अव्यवस्था, बदइंतजामी और गुस्साए दर्शकों के बीच यह कार्यक्रम अफरा-तफरी में बदल गया। हजारों टिकट बिकने के बावजूद बड़ी संख्या में फैंस अपने हीरो की एक झलक तक नहीं देख पाए। इसी पूरे घटनाक्रम के बीच बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली अचानक सोशल मीडिया ट्रोलिंग का शिकार हो गईं। दरअसल, इवेंट के बाद सुभाश्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह खुद मेसी के साथ नजर आ रही थीं। तस्वीरें सामने आते ही इंटरनेट पर नाराजगी फूट पड़ी। कई यूजर्स ने अभिनेत्री पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया और कहा कि जब आम दर्शक निराश होकर लौटे, तब इस तरह की पोस्ट करना फैंस के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। कुछ राजनीतिक नेताओं ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी और अभिनेत्री की आलोचना की।
सुभाश्री के समर्थकों का मानना है कि वह इस इवेंट में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री का प्रतिनिधित्व करने पहुंची थीं और एक फुटबॉल फैन होने के नाते उनकी मेसी से मुलाकात स्वाभाविक थी। हालांकि, आलोचकों का कहना था कि समय और हालात को देखते हुए तस्वीरें साझा करने से बचा जा सकता था। देखते ही देखते यह मामला सिर्फ एक पोस्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला कलाकारों के साथ होने वाले ऑनलाइन व्यवहार पर भी सवाल खड़े करने लगा। इस विवाद के बीच सुभाश्री के पति, फिल्ममेकर और तृणमूल कांग्रेस के विधायक राज चक्रवर्ती खुलकर उनके समर्थन में सामने आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि महंगे टिकट खरीदने के बावजूद जो दर्शक मेसी को नहीं देख पाए, उनकी निराशा समझी जा सकती है, लेकिन एक अभिनेत्री का मेसी के साथ फोटो पोस्ट करना अपराध कैसे हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी महिला का सार्वजनिक जीवन में होना उसे एक आम फैन होने के अधिकार से वंचित कर देता है। (हिफी)



