विश्व-लोक

बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का निधन

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन हो गया है। उन्होंने 80 साल की उम्र में 30 दिसंबर को तड़के ढाका के एवरकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं लेकिन पिछली रात उनकी हालत बहुत खराब हो गई। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में हलचल बढ़ गई। खालिदा जिया की गिरती सेहत की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर बीएनपी समर्थकों और नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा गया, खालिदा जिया का फज्र की नमाज के ठीक बाद सुबह करीब 6 बजे निधन हो गया।
बता दें कि खालिदा जिया बांग्लादेश की पहली महिला पीएम थीं। वह बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की प्रमुख भी थीं। बीएनपी मीडिया सेल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर उनके निधन की जानकारी दी गई। बीएनपी ने अपनी अध्यक्ष के निधन के बाद 7 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की। बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस मंा सात दिवसीय शोक कार्यक्रम की रूपरेखा बताई जिसके तहत नयापलटन स्थित बीएनपी के केंद्रीय कार्यालय और देशभर में पार्टी कार्यालयों पर काले झंडे लगाए जाएंगे। पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उनकी स्मृति में काले बैज पहनेंगे। बांग्लादेश में पार्टी कार्यालयों और अन्य स्थानों पर दुआ महफिलें (प्रार्थना सभाएं) आयोजित की जाएंगी और कुरान पढ़ी जाएगी। खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 25 दिसंबर को ही 17 साल बाद लंदन से बांग्लादेश लौटे हैं लेकिन तारिक रहमान के लिए यह वापसी खुशियों से ज्यादा दुखभरी साबित हुई।
बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने है। अगस्त 2024 में हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। इसके बाद अंतरिम सरकार का गठन किया गया और तब से अब तक मोहम्मद यूनुस इसकी कमान संभाल रहे हैं। ऐसे में इस चुनाव से पहले तारिक रहमान का वापस बांग्लादेश आना और खालिदा जिया का निधन बड़ी घटना मानी जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button