फिल्मी

पंजाबी गायक करण पर अमेरिकी सिंगर का गंभीर आरोप

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर करण औजला एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। अमेरिका में मश्गोरी म्यूजिक के नाम से पहचानी जाने वाली आर्टिस्ट ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आर्टिस्ट का दावा है कि वह करण औजला के साथ एक प्राइवेट रिलेशनशिप में थीं और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि सिंगर पहले से शादीशुदा हैं। करण औजला की शादी पलक औजला से हो चुकी है। अमेरिकी आर्टिस्ट ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस रिश्ते को लेकर सवाल उठाने की कोशिश की तो उन्हें चुप कराया गया और सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले को दबाने के लिए करण औजला की टीम ने एक भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से संपर्क किया और कथित तौर पर उनके खिलाफ झूठी जानकारियां फैलाई गईं, ताकि सच्चाई सामने न आ सके। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब रेडिट पर आर्टिस्ट के बयान का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया गया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कनाडा और अमेरिका की पुलिस इस मामले को देख रही है। उनके अनुसार उनके खिलाफ झूठे आपराधिक आरोप फैलाए गए, जो पश्चिमी देशों में वायरल हो गए, जबकि भारत में उन्हें जानबूझकर दबा दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि एक बड़ा अमेरिकी मीडिया हाउस अब उनका इंटरव्यू लेने की तैयारी कर रहा है और इसी वजह से उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी कहानी साझा करने का फैसला किया है। आर्टिस्ट ने लिखा, मेरा मानना है कि मुझे अपनी कहानी बताने का पूरा अधिकार है। जब से मैंने खुलकर बोलना शुरू किया है, भारत की कई मशहूर हस्तियों ने मुझसे निजी तौर पर संपर्क किया है और कहा है कि वे मेरी आवाज से प्रेरित हैं। करण औजला के साथ कथित रिश्ते का खुलासा करने के बाद से यह आर्टिस्ट लगातार अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्ट और री-शेयर कर रही हैं। इन पोस्ट्स में वह यह बताने की कोशिश कर रही हैं कि वह क्यों अब इस मुद्दे पर चुप नहीं रहना चाहतीं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनका और करण औजला का रिश्ता कब शुरू हुआ था और कितने समय तक चला। करण औजला की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। न ही सिंगर और न ही उनकी टीम ने इन आरोपों पर कोई बयान जारी किया है। फिलहाल यह मामला आरोप और जवाबी दावों के बीच उलझा हुआ है। जब तक करण औजला या उनकी टीम की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आती, तब तक सच्चाई के सभी पहलुओं पर स्थिति साफ होना बाकी है।
सोमवार 12 जनवरी को आर्टिस्ट ने एक और लंबा बयान साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति सच बोलता है, तो वे लोग असहज हो जाते हैं जो चुप्पी से फायदा उठाते हैं। उन्होंने लिखा, बहुत सी महिलाओं को मैनिपुलेट किया गया, शर्मिंदा किया गया और उनकी कहानियों को सार्वजनिक रूप से बदल दिया गया, ताकि कुछ लोग जवाबदेही से बच सकें। मैं अब इस पैटर्न का हिस्सा नहीं बनूंगी। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button