विश्व-लोक

ट्रम्प की ग्रीन लैण्ड पर झंडा लगाते तस्वीर, फ्रांस को धमकी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ग्रीनलैंड को लेकर दावे कर रहे हैं। वहीं ग्रीनलैंड को लेकर यूरोप और अमेरिका अब आमने-सामने दिख रहे हैं। इस पूरी घटना के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर को देखने के बाद अब डेनमार्क सहित यूरोप के कई देशों में चिंता बढ़ गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने इस तस्वीर में खुद को ग्रीनलैंड की जमीन पर झंडा गाड़ते हुए दिखाया है। इस फोटो में ट्रंप के साथ जेडी वेन्स और मार्क रुबियो भी दिख रहे हैं। वहीं तस्वीर में एक बोर्ड पर लिखा है, ग्रीनलैंड- यूएस क्षेत्र- ईएसटी 2026।
ट्रंप ने एक नक्शा भी शेयर किया है, जिसमें कनाडा, ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया है। बता दें कि पिछले साल ट्रंप ने सुझाव दिया था कि कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बन जाए। चुनाव जीतने के तुरंत बाद, मई में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप के इस सुझाव को सिरे से खारिज करते हुए कहा था, इच्छाओं और वास्तविकता में अंतर करना महत्वपूर्ण है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने 20 जनवरी को नाटो के महासचिव मार्क रुट्टे से ग्रीनलैंड के बारे में फोन पर बातचीत की और कहा कि वे दावोस में कई पक्षों से मिलेंगे। उन्होंने ग्रीनलैंड पर अपने रुख को दोहराते हुए इसे अमेरिकी और विश्व सुरक्षा के लिए अभिन्न बताया।बता दें कि ग्रीनलैंड को लेकर चल रहे विवाद के बीच अमेरिका अब ग्रीनलैंड के पिटुफिक स्पेस बेस पर एक नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड विमान तैनात करने जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की धमकियों के बीच तनाव बढ़ गया है। एनओआरएडी ने कहा है कि विमान विभिन्न लंबे समय से प्लान की गई गतिविधियों को पूरा करने के लिए बेस पर पहुंचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई डेनमार्क और ग्रीनलैंड के कोऑर्डिनेशन से की गई है। एनओआरएडी नियमित रूप से उत्तरी अमेरिका की हवाई एवं अंतरिक्ष रक्षा के लिए काम करता है, जिसमें इसके तीनों क्षेत्र अलास्का, कनाडा और महाद्वीपीय अमेरिका शामिल होते हैं। यह अमेरिकी कदम डेनिश सेना के नेतृत्व में हुए एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास के तुरंत बाद आया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अब फ्रांस को धमकी दी है। प्रस्तावित बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने के आमंत्रण को फ्रांस द्वारा ठुकराने के बाद ट्रंप ने इस तरह की चेतावनी दी है। ट्रप ने फ्रेंच वाइन और शैम्पेन पर 200 परसेंट टैरिफ लगाने की बात की है। अमेरिकी नेता ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से ग्रीनलैंड के बारे में मिला एक प्राइवेट मैसेज भी शेयर किया है। ट्रंप ने फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का जिक्र करते हुए कहा, मैं उसकी वाइन और शैम्पेन पर 200 परसेंट टैरिफ लगा दूंगा और वह शामिल हो जाएगा। लेकिन, उसे शामिल होने की जरूरत नहीं है। अमेरिका की ओर से प्रस्तावित बोर्ड मूलरूप से युद्धग्रस्त गाजा के पुनर्निर्माण की देखरेख के लिए बनाया गया था।
फ्रांस ने ट्रंप के ग्रीनलैंड पर जोर देने को लेकर अमेरिका का मजाक भी उड़ाया। एक्स पर एक पोस्ट में फ्रांसीसी यूरोप और विदेश मामलों के मंत्रालय के आधिकारिक अकाउंट ने लिखा, अगर किसी दिन आग लग जाए, तो फायर फाइटर दखल देंगे, तो बेहतर है कि अभी घर जला दिया जाए। इसी तरह की तुलना करते हुए कहा गया,
अगर किसी दिन शार्क हमला कर
सकती है, तो दखल दिया जाएगा, तो बेहतर है कि अभी लाइफगार्ड को खा लिया जाए और अगर किसी दिन कोई दुर्घटना होती है, तो नुकसान होगा, तो बेहतर है कि अभी कार को टक्कर मार दी जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button