आस्ट्रेलिया में भारतीय मूल का अजीबो गरीब बयान

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में भारतीय मूल के 42 वर्षीय विक्रांत ठाकुर ने अपनी पत्नी की हत्या के मामले में अदालत में हैरान करने वाला बयान दिया है। ठाकुर ने एडिलेड मजिस्ट्रेट कोर्ट में कहा कि मैंने अपनी पत्नी को मारा है, लेकिन यह मर्डर नहीं है। विक्रांत ने स्पष्ट किया कि वो मर्डर (हत्या) के आरोप में दोषी नहीं हैं, बल्कि मेंस्लॉटर (गैर-इरादतन हत्या) के दोषी हैं। यह बयान उन्होंने 14 जनवरी को अदालत में अपनी दूसरी पेशी के दौरान दिया।
विक्रांत पर पिछले साल दिसंबर में अपनी पत्नी सुप्रिया ठाकुर की हत्या का आरोप लगा था। अदालत में उन्होंने कहा, मैं मेंस्लॉटर के लिए दोषी हूं, लेकिन मर्डर के लिए नहीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दलील उन्होंने अपने वकील की सलाह पर दी है। विक्रांत का तर्क है कि मेंस्लॉटर तब होता है, जब गुस्से या उत्तेजना में कोई घटना हो जाती है, जबकि मर्डर में हत्या का इरादा पहले से होता है। इसलिए उनका मानना है कि उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (मेंस्लॉटर) का केस चलना चाहिए, ना कि जानबूझकर हत्या (मर्डर) का। ऐसा करने का मुख्य उद्देश्य सजा को कम करना माना जा रहा है, क्योंकि मेंस्लॉटर मर्डर से कम गंभीर अपराध है।



