इजरायल ने मुनीर के पाक को बता दी औकात

मिडिल ईस्ट में इस समय तनाव का माहौल है। यहां की सियासत में इस वक्त शब्द नहीं चेतावनियां चल रही हैं और इन चेतावनियों का सबसे तीखा वार पाकिस्तान पर पड़ा है। इजरायल ने साफ कर दिया है कि गाजा के भविष्य पर होने वाली किसी भी चर्चा में पाकिस्तान की कोई भूमिका नहीं होगी।यहां तक कि जमीन पर भी नहीं और बंदूक के साथ तो बिलकुल भी नहीं। यह इशारा था ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ’ पीस में पाकिस्तान की जगह को लेकर। जनरल आसिम मुनीर की अगुवाई वाली पाकिस्तानी सेना, जिसे कुछ इस्लामी देशों में ‘खलीफा’ जैसा दर्जा देने की कोशिश होती रही है अब इजरायल की सीधी फटकार झेल रही है। यह सिर्फ कूटनीतिक बयान नहीं, बल्कि पाकिस्तान की सैन्य और वैचारिक सोच पर सीधा हमला है।
गाजा की जंग ने इजरायल को और आक्रामक बनाया है और अब उसने दोस्त-दुश्मन की रेखा मोटे अक्षरों में खींच दी है। इजरायल के वित्त मंत्री निर बरकत ने वह कह दिया जो अब तक पर्दे के पीछे कहा जाता था। दावोस में बातचीत के दौरान बरकत ने पाकिस्तान को आतंक समर्थक देश करार दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसे देशों को गाजा की शांति प्रक्रिया से दूर रखा जाएगा। यह बयान जनरल आसिम मुनीर और उनकी ‘इस्लामी एकता’ की रणनीति पर करारा तमाचा माना जा रहा है। इजरायल ने तंज कसते हुए इसे ‘इस्लामी नाटो का खलीफा’ कहा और साफ संकेत दिया कि यह खलीफाई अब सिर्फ भाषणों तक सीमित है। इजरायल ने गाजा में किसी भी ट्रांजिशन फोर्स या पीसकीपिंग मिशन में पाकिस्तान की भूमिका को पूरी तरह खारिज कर दिया है। निर बरकत का कहना है कि जिन देशों ने हमास जैसे आतंकी संगठनों का समर्थन किया, उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे देश गाजा की जमीन पर पांव नहीं रख सकते। बरकत ने ईरान को भी खुली धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने इजरायल पर दोबारा हमला किया तो जवाब सात गुना ज्यादा घातक होगा। इजरायल का दावा है कि उसने पहले ही ईरान की सैन्य कमजोरी उजागर कर दी है। यह संदेश सिर्फ तेहरान के लिए नहीं बल्कि उसके समर्थकों के लिए भी है। इजरायल के मंत्री ने ईरान को ‘ईविल एक्सिस’ का सरगना बताया। उन्होंने कहा कि ईरान ने हमास, हिजबुल्लाह और अन्य आतंकी संगठनों को हथियार, पैसा और ट्रेनिंग दी। पाकिस्तान पर सीधे आरोप भले न लगाए गए हों, लेकिन हमास को मिल रही उसकी कथित वैचारिक और कूटनीतिक सपोर्ट अब उसके खिलाफ गिनाई जा रही है।



