एपस्टीन फाइल के सवाल पर भड़के ट्रम्प

जेफरी एपस्टीन फाइल से जुड़े खुलासों ने अमेरिका से लेकर दुनिया भर में भूचाल मचा दिया है। रोजाना इसके एक-एक पन्ने और वीडियो तहलका मचा रहे हैं। एपस्टीन से जुड़े जांच के दस्तावेजों की नवीनतम एपस्टीन फाइल के रिलीज होने पर अमेरिका में राजनीतिक तूफान मचा हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें इस मामले में लगातार बढ़ती जा रही हैं। ट्रंप से एपस्टीन फाइल को लेकर जब एक महिला रिपोर्ट ने सवाल पूछा तो वह उस पर बुरी तरह भड़क उठे और उसे भला-बुरा कहने लगे। महिला रिपोर्टर के एपस्टीन फाइल के खुलासे पर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, मैं तुम्हें दस साल से जानता हूं। तुम बहुत खराब रिपोर्टर हो। मुझे नहीं लगता कि मैंने तुम्हारे चेहरे पर कभी मुस्कान देखी है। तुम्हें पता है तुम क्यों नहीं मुस्कुरा रहे हो? क्योंकि तुम जानते हो कि तुम सच नहीं बोल रहे हो। तुम एक बहुत ही बेईमान संगठन हो, और उन्हें तुम पर शर्म आनी चाहिए। तुम्हारे चैनल की टीआरपी बहुत खराब है। कोई उसे पसंद नहीं करता।
अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले 30 जनवरी को एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत 30 लाख से अधिक पेज जारी किए, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम सैकड़ों-हजारों बार आया है। इनमें एफबीआई द्वारा संकलित यौन शोषण के आरोपों की सूची, ईमेल, फोटो और अन्य सामग्री शामिल है। ट्रंप प्रशासन ने रिलीज को पूर्ण पारदर्शिता का उदाहरण बताया है। डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने फॉक्स न्यूज पर कहा कि दस्तावेजों की समीक्षा पूरी हो चुकी है और ट्रंप पर कोई आपराधिक गतिविधि का संकेत नहीं मिला।



