विश्व-लोक

वाशिंगटन पोस्ट की छंटनी में शशि थरूर के बेटे भी

दुनिया के प्रतिष्ठित अखबारों में शुमार वॉशिंगटन पोस्ट ने अपने संस्थान में महत्वपूर्ण पुनर्गठन की घोषणा की, जिसके कारण बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है। इस फैसले से अखबार का इंटरनेशनल डेस्क और स्पोर्ट्स डेस्क सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। कंपनी ने न केवल अपनी अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग को कम कर दिया है, बल्कि अपनी मौजूदा स्पोर्ट्स डेस्क को पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का लगभग एक-तिहाई हिस्सा इस छंटनी की चपेट में आया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे और वॉशिंगटन पोस्ट के वरिष्ठ पत्रकार ईशान थरूर भी नौकरी गंवाने वालों में शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर खाली न्यूज रूम की तस्वीर साझा करते हुए इसे एक बुरा दिन बताया। ईशान ने कहा कि वॉशिंगटन पोस्ट के साथ उनका 12 साल का सफर शानदार रहा और 2017 से वर्ल्डव्यू कॉलम के जरिए लाखों पाठकों से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात थी। उनके साथ ही यरुशलम ब्यूरो चीफ गेरी शिह, खोजी पत्रकार विल हॉब्सन और दिल्ली, बीजिंग, कीव व लैटिन अमेरिका में तैनात कई अंतरराष्ट्रीय संवाददाताओं की भी छुट्टी कर दी गई है।
नौकरी से निकाले गए पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर अपनी यादें और गर्व साझा किया। गेरी शिह ने बताया कि उनके साथ मिडिल ईस्ट की पूरी टीम को हटा दिया गया है। खोजी पत्रकार विल हॉब्सन ने अपने 11 साल के सफर को याद करते हुए कहा कि खेल जगत के प्रभावशाली लोगों की जवाबदेही तय करना उनके लिए एक सपने जैसा था। काहिरा, यूक्रेन और बर्लिन जैसे महत्वपूर्ण केंद्रों पर तैनात ब्यूरो प्रमुखों ने भी इस अचानक आए संकट पर दुख व्यक्त किया है। इस बड़ी छंटनी ने वैश्विक मीडिया जगत में एक बार फिर नौकरियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फॉक्स न्यूज के अनुसार कंपनी का एक तिहाई हिस्सा छंटनी से प्रभावित हुआ है। विल हॉब्सन, जो पोस्ट में एक खोजी पत्रकार थे, ने भी नौकरी से निकाले जाने के बाद एक्स पर लिखा, कुछ व्यक्तिगत खबर। मैं आज वॉशिंगटन पोस्ट की छंटनी में शामिल हूं। पोस्ट के यरुशलम ब्यूरो चीफ, गेरी शिह, जिनका भी यही हाल हुआ, उन्होंने भी अपना दुख और गर्व जाहिर करते हुए कहा, पोस्ट का कॉरेस्पोंडेंट होना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button