मरियम नवाज का बेहद शानदार विमान

पाकिस्तान के पंजाब की सियासत में इन दिनों एक विमान सबसे ज्यादा चर्चा में है। वो भी ऐसा-वैसा नहीं, 10 अरब रुपये का लग्जरी जेट। चर्चा है कि 2019 में बना गल्फस्ट्रोमजी500 विमान मुख्यमंत्री मरियम नवाज के लिए लिया गया है। हालांकि सरकार ने आधिकारिक तौर पर इसकी खुलकर पुष्टि नहीं की है, लेकिन एक ऐसी नौकरी विज्ञापन ने मामला गरमा दिया जिसमें खास तौर पर इसी मॉडल पर प्रशिक्षित पायलट की मांग की गई थी। ओपन सोर्स एविएशन ट्रैकिंग और रणनीतिक मामलों के जानकारों के मुताबिक यह विमान पहले अमेरिका में एन144एस रजिस्ट्रेशन के साथ उड़ान भरता था। अब इसे वीआईपी उड़ानों के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है। यह विमान आमतौर पर बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्षों या टॉप कॉरपोरेट सीईओ द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अगर किसी प्रांतीय सरकार के पास यह जेट है, तो जाहिर है लोगों के मन में सवाल उठेंगे। आखिर यह विमान कितना खास है? आइए आसान भाषा में समझते हैं। एविएशन इंडस्ट्री के अनुमान के अनुसार इस जेट की कीमत 38 से 42 मिलियन डॉलर के बीच बताई जा रही है। यानी पाकिस्तानी रुपये में देखें तो यह रकम 10 अरब रुपये से भी ज्यादा बैठती है। विमान की कीमत उसकी अंदरूनी सजावट और रखरखाव की स्थिति पर निर्भर करती है। इतनी बड़ी रकम में खरीदे गए इस जेट को लेकर स्वाभाविक तौर पर सवाल उठ रहे हैं कि पाकिस्तान जिसकी अर्थव्यवस्था चरमराई हुई ऐसे में क्या यह जरूरत थी या शौक? इस विमान की असली चमक उसके केबिन में नजर आती है। अंदर का इंटीरियर पूरी तरह कस्टमाइज किया जा सकता है। इसमें एक साथ 19 लोग आराम से बैठ सकते हैं और 8 लोग सो भी सकते हैं। सोफा जैसी मुलायम सीटें, मीटिंग या डाइनिंग के लिए अलग स्पेस, आगे या पीछे गैली (रसोई) का विकल्प, यहां तक कि एंटरटेनमेंट रूम या अलग लाउंज भी बनाया जा सकता है। जी500 लंबी दूरी तय करने वाला हाई-स्पीड जेट है। यह करीब 4,500 नॉटिकल मील (करीब 8,300 किलोमीटर) तक बिना रुके उड़ सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार मैक 0.925 तक जाती है, जो बिजनेस एविएशन में काफी तेज मानी जाती है।



