विश्व-लोक

नेपाल में भूकंप व बस हादसा

नेपाल की राजधानी से करीब 90 किलोमीटर दूर बड़ा बस हादसा हुआ है। नेपाल के धादिंग जिले में गजुरी के पास 23 फरवरी की सुबह त्रिशूली नदी में एक यात्री बस के गिरने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 26 यात्री घायल हो गए हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पोखरा से काठमांडू आ रही बस पृथ्वी हाईवे पर काठमांडू से लगभग 90 किमी पश्चिम में सुबह 1.30 बजे त्रिशूली नदी में गिर गई। नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिश्नु प्रसाद भट्टा ने बताया कि दुर्घटना स्थल से 17 शव बरामद किए गए हैं और बस से 28 घायल यात्रियों को बचाया गया है। घायल यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य के लिए नेपाल आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के कर्मियों को तैनात किया गया है। दुर्घटना में मारे गए लोगों में एक न्यूजीलैंड का पुरुष यात्री शामिल है। एक जापानी और एक डच महिला नागरिक घायलों में शामिल हैं।
उधर, नेपाल का कोशी प्रांत 22 फरवरी सुबह भूकंप के झटकों से हिल गया। नेशनल अर्थक्वेक मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 दर्ज की गई। यह भूकंप सुबह 7.31 बजे आया। इसका केंद्र संखुवासभा जिले के रिताक क्षेत्र में था। भूकंप के चलते स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।संखुवासभा नेपाल की राजधानी काठमांडू से 475 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। भूकंप की झटके पड़ोसी जिलों ताप्लेजुंग और भोजपुर में भी महसूस किए गए।
नेपाल में कुछ महीनों या दिनों के अंतराल पर लगातार भूकंप का झटका लग रहा है। इसकी वजह है कि नेपाल दुनिया के सबसे अधिक भूकंप-प्रवण देशों में 11वें स्थान पर है। यह हिमालय क्षेत्र में स्थित होने के कारण टेक्टॉनिक प्लेटों की गतिविधियों से अक्सर प्रभावित होता है, जहां भारतीय और यूरेशियन प्लेटें टकराती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button