सलीम खान अस्पताल से वापस आए अपने घर

भारतीय सिनेमा के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान के प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लगभग एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 90 वर्षीय लेखक को मंगलवार 17 मार्च 2026 को मुंबई के लीलावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पिछले महीने माइनर ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद उन्हें आनन-फानन की स्थिति में भर्ती कराया गया था। छोटे प्रोसीजर के बाद उन्हें डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया था। इस दौरान उनका पूरा परिवार उनके साथ था।लीलावती अस्पताल के सूत्रों और पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार सलीम खान के स्वास्थ्य में अब काफी सुधार है। गत 17 फरवरी को उन्हें बांद्रा स्थित अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने पुष्टि की थी कि उन्हें श्मिनिमल ब्रेन हैमरेजश् हुआ था। एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ समय के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था, ताकि उनके महत्वपूर्ण अंगों की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सके। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर जलील पारकर ने जानकारी साझा की थी कि सलीम खान की स्थिति को संभालने के लिए डीएसए नामक एक विशेष प्रक्रिया अपनाई गई थी। राहत की बात यह रही कि उन्हें किसी भी प्रकार की बड़ी सर्जरी की आवश्यकता नहीं पड़ी और वे उपचार के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे थे। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम जिसमें न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन शामिल थे, लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। केवल परिवार ही नहीं, बल्कि उनके पुराने साथी और दिग्गज लेखक जावेद अख्तर ने भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। (हिफी)



