अक्षय कुमार व शिल्पा की जोड़ी ने मचाया था धमाल

बॉलीवुड हिस्ट्री में कुछ ऐसी जोड़ियां हैं जिनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आई। 90 के दशक में ऐसी ही एक जोड़ी ने सिल्वर स्क्रीन पर आग लगा दी थी और वो थी अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी की जोड़ी। इस जोड़ी ने अपने लंबे कद, शानदार डांसिंग स्किल्स और बेमिसाल कॉमिक टाइमिंग से जब भी स्क्रीन पर आए, बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ दिए लेकिन, करीब 26 साल पहले एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई जिसने न सिर्फ सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि बॉलीवुड को एक ऐसा जख्म भी दिया जिसे भरने में सालों लग गए। वो फिल्म थी श्धड़कनश्, जो साल 2000 में सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। ये फिल्म इस सुपरहिट जोड़ी की आखिरी फिल्म साबित हुई और इसके बाद ये दोनों फिर कभी साथ नहीं दिखे। धड़कन सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि भावनाओं का सैलाब थी। डायरेक्टर धर्मेश दर्शन ने अक्षय कुमार (राम), शिल्पा शेट्टी (अंजलि) और सुनील शेट्टी (देव) के साथ एक ऐसा लव ट्रायंगल बुना जिसने बॉलीवुड में प्यार की परिभाषा बदल दी। अक्षय कुमार के शांत व्यवहार और शिल्पा शेट्टी की खूबसूरती ने दर्शकों का मन मोह लिया। तुम दिल की धड़कन में और दूल्हे का सेहरा जैसे गानों ने उस साल म्यूजिक की दुनिया में तहलका मचा दिया था। असलियत यह थी कि जब धड़कन रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर धमाका हो गया। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही, लेकिन इस सफलता के पीछे एक कड़वा सच छिपा था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की शूटिंग खत्म होते-होते अक्षय और शिल्पा के पर्सनल रिश्ते में दरार आ गई थी, जिसका असर उनके प्रोफेशनल करियर पर पड़ना तय था। बॉलीवुड में बहुत कम कपल ऐसे हैं जिनका अक्षय और शिल्पा जैसा स्ट्राइक रेट रहा हो। जब भी उन्होंने साथ काम किया, फिल्म सुपरहिट रही। फिल्म मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी ने अक्षय और शिल्पा को एक स्टाइलिश कपल के तौर पर स्थापित किया। गाना चुरा के दिल मेरा आज भी बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक गानों में से एक है। वहीं, तू चोर मैं सिपाही और इंसाफ ने साबित कर दिया कि यह जोड़ी एक्शन और ड्रामा के लिए दर्शकों की पसंदीदा बनी हुई है। फिल्म धड़कन ने तो उनकी सफलता पक्की कर दी थी, लेकिन यह उनके आखिरी ब्रेक की भी निशानी थी। (हिफी)



