मधुबाला का किरदार निभाएंगी सारा अर्जुन

आदित्य धर की धुरंधर 2 में लीड फीमेल एक्ट्रेस का रोल निभाने वाली सारा अर्जुन के हाथ एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट लग गया है। पाकिस्तानी लड़की का रोल निभाने के बाद अब सारा अर्जुन बॉलीवुड की आइकॉनिक अदाकारा मधुबाला का किरदार निभाती नजर आएंगी। निर्देशक जस्मीत के रीन एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। इस प्रोजेक्ट को संजय लीला भंसाली प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल जस्मीत की ये फिल्म प्री-प्रोडक्शन के स्टेज पर है। इसी साल इसकी शूटिंग शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म हिंदी सिनेमा के गोल्डन एरा की कहानी कहेगी। इसमें सारा को मधुबाला जैसी दिग्गज अदाकारा को स्क्रीन पर प्ले करने का मौका मिलने वाला है, जो उनके लिए एक बड़ा मौका है और साथ में बड़ी चुनौती भी। मधुबाला के कैरेक्टर को सच्चाई के साथ निभाने के लिए सारा अर्जुन को फिजिकल ट्रांसफोर्मेशन से गुजरना होगा। कॉस्ट्यूम डीटेलिंग से लेकर बोली की ट्रेनिंग (डायलेक्टर ट्रेनिंग) और लुक टेस्ट तक, उस दौर को सटीक तरीके से दिखाने के लिए मेकर्स कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस फिल्म के जरिए मेकर्स मधुबाला को ट्रीट देने की तैयारी में हैं। जस्मीत के रीन इससे पहले आलिया भट्ट और विजय वर्मा स्टारर डार्लिंग्स का निर्देशन कर चुकी हैं। उनकी इस फिल्म को काफी पसंद किया गया था। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
1950-60 के दौर में मधुबाला को हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी अदाकारा बताया जाता था। उस दौर में वो सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेसेस में से एक थीं। करीब दो दशक के अपने करियर में उन्होंने 70 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। मधुबाला ने फिल्म बसंत से 1942 में चाइल्ड एक्ट्रेस के तौर पर करियर शुरू किया था। उनकी आखिरी फिल्म शराबी थी, जो 1964 में रिलीज हुई। दिल की बीमारी के कारण 23 फरवरी 1969 को उनका निधन हो गया था। (हिफी)



