विश्व-लोक

वर्जीनिया के पूर्व एलजी ने खुद को मारी गोली

अमेरिका के वर्जीनिया में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर और कभी डेमोक्रेटिक पार्टी के उभरते चेहरे माने जाने वाले जस्टिन फेयरफैक्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद की भी गोली मारकर जान ले ली। पुलिस और अदालत रिकॉर्ड के मुताबिक, फेयरफैक्स ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद राजनीतिक भविष्य खत्म होने और अदालत की ओर से पारिवारिक घर से बाहर निकालने की समय सीमा के कुछ सप्ताह पहले ही यह खौफनाक कदम उठाया।
फेयरफैक्स काउंटी के पुलिस प्रमुख केविन डेविस ने बताया कि गुरुवार तड़के वाशिंगटन डीसी के उपनगर एनांडेल स्थित घर से 911 कॉल मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर में 47 साल के जस्टिन फेयरफैक्स और उनकी 49 साल की पत्नी डॉ। सेरिना फेयरफैक्स के शव मिले। सेरिना पेशे से एक सफल डेंटिस्ट थीं। पुलिस के अनुसार, जस्टिन फेयरफैक्स ने घर के बेसमेंट में पत्नी को गोली मारी और फिर ऊपर बेडरूम में जाकर खुद को गोली मार ली। दोनों के दो किशोर बच्चे भी उसी वक्त घर पर मौजूद थे और बेटे ने ही इमरजेंसी कॉल की थी। जस्टिन फेयरफैक्स के एक पुराने दोस्त ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि पिछले साल फेयरफैक्स की पत्नी ने तलाक की अर्जी दी थी, जिसके बाद से ही वह काफी निराश थे। तलाक के केस की सुनवाई कर रहे जज ने हाल ही में लिखा कि उनका अकेलापन, शराब पीना और पारिवारिक जीवन में भागीदारी की कमी से उनमें निराशा की भावना नजर आती है।
करीब एक दशक पहले जस्टिन फेयरफैक्स का राजनीतिक करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था। उन्होंने 2017 में लेफ्टिनेंट गवर्नर का चुनाव जीता और दो साल बाद वर्जीनिया के दूसरे अश्वेत गवर्नर बनने की पूरी संभावना थी। हालांकि जब डेमोक्रेटिक गवर्नर राल्फ नॉर्थम को उनके मेडिकल स्कूल की वार्षिक पुस्तिका में छपी एक नस्लवादी तस्वीर के कारण व्यापक रूप से इस्तीफे की मांग का सामना करना पड़ा, अगर नॉर्थम ने इस्तीफा दे दिया होता तो फेयरफैक्स गवर्नर बन जाते। हालांकि दो महिलाओं ने सामने आकर फेयरफैक्स पर वर्षों पहले यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। फेयरफैक्स ने कहा कि शादी से पहले की ये घटनाएं आपसी सहमति से हुई थीं और उन्होंने इस्तीफे की मांग को ठुकरा दिया। उन्होंने 2021 में गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन वर्जीनिया के डेमोक्रेट्स ने उन्हें बड़े पैमाने पर दरकिनार कर दिया और डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सेरिना फेयरफैक्स ने अदालत में दायर दस्तावेजों में कहा कि वह और उनके पति करीब दो साल पहले अलग हो गए थे, लेकिन डेविस ने बताया कि वे अभी भी अपने दो किशोर बच्चों के साथ उसी घर में रह रहे थे, जो दोनों ही मौतें होने के समय घर पर मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button