पाक ने संयुक्त अरब अमीरात का चुकाया कर्ज

सऊदी अरब से मदद मिलने के बाद पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात का पूरा कर्ज चुका दिया है। इसकी जानकारी पाकिस्तान स्टेट बैंक ने दी है। (यूएई) बैंक का कहना है कि उसने तय डेडलाइन से पहले ही यूएई का सारा कर्ज चुका दिया है। यूएई ने पाकिस्तान को इस माह के आखिर तक 3.45 बिलियन डॉलर की राशि चुकाने की समय सीमा दी थी। ये पैसे पाकिस्तान ने 2019 के दौरान यूएई से कर्ज के रूप में लिए थे। पाकिस्तान स्टेट बैंक की ओर से जारी बयान के मुताबिक पहले ही 2.45 बिलियन डॉलर की राशि यूएई को दे दी गई थी। 1 बिलियन डॉलर की आखिरी किस्त भी अब दे दी गई है। यह पैसा 2 दिन पहले ही पाकिस्तान को सऊदी अरब ने दिया था। संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान जंग के कारण पाकिस्तान से अपना पैसा वापस मांगा था। शुरू में पाकिस्तान ने इसे चुकाने के लिए यूएई से मोहलत मांगी, लेकिन जब यूएई इसको लेकर तैयार नहीं हुआ, तब पाकिस्तान ने सऊदी और कतर से संपर्क साधा। यूएई पाकिस्तान से इस वक्त काफी नाराज है। दरअसल, यूएई का कहना है कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर में कूदकर यूएई के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसलिए यूएई पाकिस्तान को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है।
पाकिस्तान मिडिल ईस्ट में सऊदी और तुर्की के साथ गठजोड़ कर रहा है। यह मिडिल ईस्ट की सियासत में यूएई के खिलाफ है। तुरंत पैसा मांगने की एक वजह यह भी है। दिलचस्प बात है कि सऊदी ने ही यूएई के कर्ज को चुकाने के लिए पाकिस्तान को पैसे दिए हैं। पाकिस्तान ने भले ही यूएई के 3.45 बिलियन डॉलर का कर्ज चुका दिया है, लेकिन अब भी उस पर करीब 130 बिलियन डॉलर का कर्ज है। चीन ने पाकिस्तान को सबसे ज्यादा कर्ज दे रखा है। 2023 के डेटा के मुताबिक पाकिस्तान ने चीन से 69 बिलियन डॉलर का कर्ज ले रखा है।



