एलिएन को लेकर पेंटागन ने रहस्य से उठाया पर्दा

क्या हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं या और कोई किसी जहान में बसता है? यानी क्या एलियन का अस्तित्व है? इस रहस्य से पर्दा उठाने के लिए अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने 8 मई को एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। दशकों से गोपनीय रखी गई यूएफओ यानी अनआइडेंटिफाइड एनोमैलस फेनोमेना से जुड़ी फाइलों का पहला जत्था सार्वजनिक कर दिया गया है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इन दस्तावेजों को लंबे समय तक क्लासिफिकेशन की आड़ में छिपाकर रखा गया था। अब समय आ गया है कि अमेरिकी जनता खुद इन तथ्यों को देखे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी एजेंसियों को यूएफओ और पृथ्वी से बाहर जीवन की संभावना से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था। ट्रंप ने कहा था कि इस विषय में जनता की जबरदस्त दिलचस्पी है और पारदर्शिता का समय आ चुका है। इन फाइलों में सबसे चैंकाने वाला खुलासा अपोलो 11 के अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन से जुड़ा है। एल्ड्रिन, जो चंद्रमा पर चलने वाले दूसरे व्यक्ति थे, उन्होंने 1969 के एक डीब्रीफ (मिशन के बाद की पूछताछ) में बताया था कि उन्होंने चंद्रमा की सतह के करीब एक काफी बड़ी वस्तु देखी थी। एल्ड्रिन और उनके चालक दल ने एक काफी चमकीले प्रकाश स्रोत का भी जिक्र किया था।यह जानकारी अब तक आम जनता की पहुंच से दूर थी। सिर्फ एल्ड्रिन ही नहीं, बल्कि 1972 के अपोलो 17 मिशन की एक तस्वीर भी चर्चा में है। इस तस्वीर में तीन बिंदु एक त्रिकोणीय आकार में नजर आ रहे हैं। पेंटागन ने इसके कैप्शन में लिखा है कि इस विसंगति की प्रकृति पर फिलहाल कोई आम सहमति नहीं है, लेकिन शुरुआती विश्लेषण संकेत देते हैं कि यह कोई भौतिक वस्तु हो सकती है। अंतरिक्ष यात्रियों के ये अनुभव यूएफओ के अस्तित्व की थ्योरी को और मजबूती देते हैं। पेंटागन की ओर से जारी किए गए वीडियो फाइलों के संग्रह में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की फुटेज शामिल हैं। इसमें 2022 में पूर्वी चीन सागर के ऊपर एक फुटबॉल के आकार की वस्तु देखी गई थी। इसके अलावा, पिछले कुछ वर्षों में इराक, सीरिया और संयुक्त अरब अमीरात के आसमान में भी कुछ ऐसे बिंदु देखे गए जो बहुत ही अजीब तरीके से और अलग-अलग गति से उड़ रहे थे।



