भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा न करें

भारत सरकार ने ईरान को लेकर अपनी यात्रा सलाह को संशोधित करते हुए भारतीय नागरिकों से फिलहाल ईरान की यात्रा स्थगित करने की अपील की है। तेहरान समेत देश के कई हिस्सों में सैन्य तनाव बढ़ने और अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष तेज होने के बाद भारतीय दूतावास ने यह कदम उठाया है। दूतावास ने विशेष रूप से तेहरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से उपलब्ध व्यावसायिक उड़ानों के माध्यम से अस्थायी रूप से देश छोड़ने पर विचार करने की सलाह दी है।
यह परामर्श ऐसे समय में जारी किया गया है जब पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता बढ़ रही है। हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई, ड्रोन एवं मिसाइल हमलों तथा सामरिक ठिकानों पर हमलों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इस बदलते परिदृश्य का असर केवल ईरान तक सीमित नहीं है, बल्कि खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर भी दिखाई दे रहा है। विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संशोधित एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक ईरान की यात्रा से बचें। जिन लोगों की यात्रा अत्यंत आवश्यक नहीं है, वे अपनी योजनाओं को स्थगित करें। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो भारतीय पहले से ईरान में मौजूद हैं, वे स्थानीय प्रशासन और भारतीय मिशन के संपर्क में रहें तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें। पिछले कुछ महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा है। सामरिक ठिकानों पर हमले, समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर विवाद और जवाबी सैन्य कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को अस्थिर बना दिया है।



