राजनेता से पहले जयललिता थीं साउथ की मशहूर अदाकारा

अम्मा के नाम से फेमस तमिलनाडु की सीएम और पूर्व एक्ट्रेस जयललिता की 2 जुलाई को 69वीं बर्थ एनिवर्सरी थी। 5 दिसंबर, 2016 को चेन्नई के अपोलो हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया था। गौरतलब है कि राजनीति में आने से पहले जयललिता एक्ट्रेस हुआ करती थीं। खास बात यह है कि उनकी पहली फिल्म को एडल्ट सर्टिफिकेट मिला था और वे खुद इस फिल्म को नहीं देख पाई थीं। इसका कारण था उनका टीनएज में होना।24 फरवरी 1948 को जयललिता जयराम का जन्म मैसूर में हुआ था। तब वे महज 2 साल की थीं, जब उनके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी मां उनके लेकर अपने माता-पिता के यहां बैंगलोर चली गईं। कहा जाता है कि जयललिता ने 3 साल की उम्र में भरतनाट्यम सीख लिया था।
जब वे मात्र 15 साल की थीं, तभी उनकी मां ने उन्हें फिल्मों में जाने के लिए प्रेरित किया। इसी उम्र में उन्होंने कन्नड़ भाषा की फिल्म चिन्नाडा गोम्बे (1964) में काम किया। अगले ही साल यानी 1965 में उन्होंने तमिल सिनेमा में फिल्म वेन्निरा अदाई से एंट्री ली। इसी साल तेलुगु सिनेमा में मनुशुरु मामाथालू से भी पहचान बनाने में जुट गईं।जयललिता ने अपने फिल्मी करियर में 130 फिल्में की हैं। 1961 में अंग्रेजी फिल्म एपीसाइट से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली जयललिता 1980 तक लगातार साउथ इंडस्ट्री पर राज करती रहीं। गौरतलब है कि तमिल सिनेमा में स्कर्ट पहनने की शुरुआत जयललिता ने ही की थी।
जयललिता को अपने शानदार अभिनय के लिए तीन बार फिल्मफेयर के बेस्ट एक्ट्रेस (साउथ) के अवॉर्ड से नवाजा गया। पहला फिल्मफेयर उन्हें शिवाजी गणेशन की तमिल फिल्म पट्टीकड़ा पट्टानाम (1971) के लिए मिला था। इसी साल तेलुगु फिल्म श्री कृष्ण सत्य के लिए उन्हें दूसरा फिल्मफेयर मिला। 1973 में तमिल फिल्म सूर्यकांति के लिए तीसरा फिल्मफेयर मिला था।
कहा जाता है कि 1977 में तमिलनाडु के तत्कालीन मुख्यमंत्री रामचंद्रन जयललिता को राजनीति में लेकर आए थे, लेकिन खुद जयललिता इस बात से इनकार करती रहीं। (हिफी)



