जयाप्रदा ने जब गाने में की हरी चूड़ियों की फरमाइश

सावन का महीना महिलाओं के लिए बहुत ही खास होता है। यही वो महीना है जब भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाती है। तीज का त्योहार आता है और महिलाओं को सजने संवरने का मौका मिलता है। इसमें सबसे खास होता है हरा रंग। सावन के महीने में महिलाएं हरे रंग को खास अहमियत देती हैं। इस मौके पर हरी चूड़ियां जरूर पहनी जाती हैं। इन्हीं हरी चूड़ियों पर हिंदी सिनेमा में एक बड़ा ही क्लासिक गीत भी है। वही गाना जिसमें जया प्रदा, अमिताभ बच्चन से हरी-हरी चूड़ियां पहनाने को कहती हैं।
हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वह बॉलीवुड के गोल्डन एरा की शानदार फिल्मों में से एक आज का अर्जुन है। इस फिल्म में जया प्रदा और अमिताभ पर फिल्माया गया “गोरी हैं कलाइयां” आज भी पुराना नहीं हुआ है। अपनी जबरदस्त धुन, भावनाओं से भरे बोल और यादगार पिक्चराइजेशन के चलते ये गाना क्लासिक कहलाता है। इस गाने को अपनी आवाज से सदाबहार बनाने वालों की बात करें तो इसमें नाम आता है शब्बीर कुमार और लीजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर का। बोलों को संगीत में पिरोने का काम किया बप्पी लहरी ने। गाने के बोल “गोरी हैं कलाइयां तू लादे मुझे हरी हरी चूड़ियां।” सुनते ही लोग पुराने दिनों की यादों में खो जाते हैं। यह गाना प्रेम, सुंदरता और रिश्तों की मिठास को बहुत ही प्यारे अंदाज में पेश करता है।
आज का अर्जुन को के.सी. बोकाड़िया ने डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। इस फिल्म में लीड रोल में सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और एक्ट्रेस जया प्रदा थीं। इस गाने को इन्हीं दोनों की जोड़ी ने यादगार बनाया। 1990 में रिलीज हुई यह फिल्म और इसका यह गाना उस समय काफी पॉपुलर हुआ था। आज भी शादियों, त्योहारों और पुरानी यादों के मौकों पर लोग इसे सुनते और गुनगुनाते हैं। (हिफी)



