दुर्योधन के बेटे सिद्धांत करेंगे बाॅलीवुड में एंट्री

महाभारत के दुर्योधन यानी पुनीत इस्सर बॉलीवुड और टीवी का जाना माना नाम है। वहीं अब उनकी इस दुनिया में बेटे सिद्धांत इस्सर भी 41 की उम्र में एंट्री करने वाले हैं। दरअसल, एक्टर सिद्धांत इस्सर जल्द ही अपनी आने वाली फिल्म लोहिताक्ष से बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रहे हैं। यह एक सस्पेंस थ्रिलर और मिस्ट्री फिल्म है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान सिद्धांत के पिता और दिग्गज अभिनेता पुनीत इस्सर ने बेटे को आशीर्वाद दिया। पुनीत इस्सर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, एक पिता के तौर पर, मैं बस उसे आशीर्वाद देना चाहता हूं। जीवन में उसका अपना रास्ता और अपनी यात्रा है। यह पहला कदम है, और वह धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहेगा। सिद्धांत पिछले 7-8 सालों से थिएटर कर रहा है। हमारा एक प्ले महाभारत का था। उसमें वो पहले दुर्योधन का पात्र किया करते थे, उसके बाद उन्होंने करीब 150-200 शो कर चुके हैं। वे भगवान कृष्ण का बहुत ही सुंदर पात्र निभाते हैं। मेरा एक प्ले है जय श्रीराम रामायण, उसमें वो प्रभु श्रीराम का पात्र करते हैं।
वहीं, फिल्म को लेकर अभिनेता सिद्धांत इस्सर ने बताया कि लोहिताक्ष एक संस्कृत शब्द है जिसका अर्थ है जिसके आंख में लहू है। मैं इसमें एक नेगेटिव और पॉजिटिव रोल प्ले कर रहा हूं। मेरा 12 मिनट का एक नॉन स्टॉप सीन है, जिसे पहली बार भारत और दुनिया के स्क्रीन पर किसी ने परफॉर्म किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में उनके साथ दृश्यम फेम अभिनेता कमलेश तुकाराम सावंत भी हैं। सिद्धांत ने कहा, मेरे साथ इस फिल्म में कमलेश तुकाराम सावंत हैं, जो दृश्यम की वजह से आजकल बहुत प्रसिद्ध हैं। इसमें भी वो पुलिस वाले बने हैं। मैंने कई सारे टीवी सीरियल किए हैं। एक आईटी अवार्ड भी जीत चुका हूं। थिएटर में भी काफी काम किया है लेकिन पहली बार किसी फिल्म में आ रहा हूं। (हिफी)



