आलिया भट्ट को बाइचांस मिली थी फिल्म 2 स्टेट्स

साल 2014 में आलिया भट्ट की एक फिल्म आई थी जो किताब पर बेस्ड थी। इस रोमांटिक फिल्म ने दर्शकों पर जादू कर दिया था। फिल्म में आलिया भट्ट के साथ अर्जुन कपूर नजर आए थे और इसकी रिलीज के वक्त दोनों की सिर्फ एक-एक फिल्म ही आई थी। चेतन भगत की किताब पर बनी इस रोमांटिक फिल्म ने सिनेमाघरों पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था, लेकिन इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर पहली पसंद नहीं थे। 2014 की फिल्म ‘2 स्टेट्स’ चेतन भगत की किताब पर आधारित थी। आलिया और अर्जुन की नई जोड़ी पर्दे पर ताजगी ले आई थी। दोनों की केमिस्ट्री ने न सिर्फ फिल्म के साथ न्याय किया बल्कि बेहतरीन प्रदर्शन भी किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट करीबन 45 करोड़ रुपए था और इसने दुनियाभर के बॉक्स-ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की थी। फिल्म ने 175 करोड़ रुपए का कलेक्शन दर्ज किया था।
चेतन ने बताया कि उनकी किताब पर आधारित इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर पहली पसंद नहीं थे। इस फिल्म के निर्देशन की कमान पहले विशाल भारद्वाज संभालने वाले थे। उस वक्त पर फिल्म के लिए शाहरुख खान, सैफ अली खान और प्रियंका चोपड़ा के नाम पर विचार किया जा रहा था। चेतन भगत कहते हैं कि उस वक्त कई एंटरटेनमेंट पोर्टल में फिल्म ‘2 स्टेट्स’ पर आर्टिकल छपे थे कि इस फिल्म में शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा को कास्ट किया जाने वाला है, लेकिन फिर ऐसा हो नहीं पाया। वो कहते हैं कि पहले वो नए नवेले एक्टर्स को फिल्म में कास्ट करने के पक्ष में नहीं थे। उन्हें नहीं लग रहा था कि दो नौसिखिया उनकी फिल्म के साथ न्याय कर पाएंगे। हालांकि फिल्म की परफॉर्मेंस से वो हैरान रह गए। (हिफी)



