गांधी जी के जीवन पर फिल्म में काम करेंगी वहीदा रहमान

महात्मा गांधी पर आधारित अपकमिंग फिल्म में दिग्गज एक्ट्रेस वहीदा रहमान का नाम शामिल हो गया है। फिल्म के मेकर्स ने जानकारी दी कि वहीदा रहमान भी अब इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा इन दिनों महात्मा गांधी पर आधारित फिल्म पर काम कर रहे हैं। इन दिनों इसका प्री-प्रोडक्शन वर्क जारी है। इस फिल्म में बापू के जीवन के प्रमुख 21 दिन दिखाए जाएंगे। फिल्म में मनोज बाजपेयी, जहां महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं, वहीं वहीदा रहमान, बापू की मां पुतली बाई के किरदार में दिखाई देंगीं। इसके अलावा सौरभ शुक्ला भी फिल्म में अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक सुधीर मिश्रा ने वहीदा रहमान को कास्ट करने की खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वहीदा जी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं! ‘प्यासा’, ‘साहिब बीबी और गुलाम’, ‘कागज के फूल’ और ‘गाइड’ जैसी फिल्म्स से मेरा बहुत गहरा और निजी जुड़ाव है। मैं उनकी इन फिल्मों को देखते हुए बड़ा हुआ हूं, ज्यादातर बड़े पर्दे पर, और इन फिल्मों ने मेरे दिल और सोच पर ऐसी जगह बनाई है, जिसे मैं लफ्जों में पूरी तरह बता नहीं सकता। मुझे अब भी यकीन नहीं होता कि इन ऐतिहासिक फिल्मों का हिस्सा रह चुकीं वहीदा जी अब मेरे डायरेक्ट किए जा रहे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं। यह मेरे लिए बहुत खास और किसी सपने जैसा लग रहा है। इस फिल्म में उनका होना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।’ महात्मा गांधी पर बनने वाली इस अनटाइटल्ड फिल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा और अनुभव सिन्हा मिलकर कर रहे हैं।
दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान ने 3 फरवरी, 2026 को अपना 88वां जन्मदिन मनाया। कागज के फूल, प्यासा और गाइड जैसी क्लासिक फिल्मों में अपनी यादगार भूमिकाओं के लिए मशहूर वहीदा रहमान ने अपने अभिनय करियर में कई यादगार हिट फिल्में दी हैं। वहीदा रहमान ने तेलुगु सिनेमा से अपना करियर शुरू किया। उनकी पहली फिल्म 1955 में आई रोजुलु मरयी थी, जिसमें उन्होंने एक गाने में बतौर डांसर काम किया था। वहीं जयसिम्हा की रिलीज के बाद हैदराबाद में उनकी मुलाकात गुरु दत्त से हुई, वे मुंबई आ गईं और एक दिग्गज अभिनेत्री बन गईं। बॉलीवुड (हिंदी सिनेमा) में उन्होंने 1956 की फिल्म सीआईडी से डेब्यू किया, जिसमें गुरु दत्त और देव आनंद लीड रोल में थे। (हिफी)



