यूएई में दुबई के शासक से भी अमीर है हुसैन सजवानी

दुबई की पहचान दुनिया के सबसे अमीर और आलीशान शहरों में होती है। यहां गगनचुंबी बिल्डिंग्स हैं, अरबों डॉलर के प्रोजेक्ट हैं और दुनिया के कई बड़े कारोबारी रहते हैं। ऐसे में जब दुबई के सबसे अमीर लोगों की बात आती है, तो सबसे पहले वहां के शासक का नाम दिमाग में आ सकता है लेकिन अरबपतियों की 2026 की सूची में एक कारोबारी उनसे आगे नजर आता है। यह शख्स रियल एस्टेट की दुनिया का बड़ा नाम है और दुबई की प्रॉपर्टी मार्केट से उसने अरबों डॉलर की दौलत बनाई है। फोर्ब्स मिडिल ईस्ट की 2026 की वर्ल्ड्स रिचेस्ट अरब्स सूची के मुताबिक, हुसैन सजवानी पूरे यूएई के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। दुबई यूएई के अंदर एक शहर है। हुसैन सजवानी की अनुमानित संपत्ति 15.3 अरब डॉलर है। वह दुबई की लग्जरी रियल एस्टेट कंपनी डैमैक प्रॉपर्टीज के संस्थापक और चेयरमैन हैं। 2025 की लिस्ट में उनकी संपत्ति 10.2 अरब डॉलर थी, यानी एक साल में उनकी संपत्ति काफी बढ़ी है। फोर्ब्स के मुताबिक, सजवानी दुनिया के अमीर अरबों की इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे ऊपर सऊदी अरब के प्रिंस अलवलीद बिन तलाल अलसऊद हैं, जिनकी संपत्ति 19.9 अरब डॉलर आंकी गई है।
दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की संपत्ति का एक अनुमान करीब 16 अरब डॉलर है। हालांकि यह आंकड़ा फोर्ब्स की 2026 अरबपतियों की लिस्ट का आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। उनकी संपत्ति का सही आकलन करना भी आसान नहीं है, क्योंकि शाही परिवार की निजी संपत्ति और दूसरी संपत्तियों के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है। 2021 में ओसीसीआरपी ने उनकी संपत्तियों का अनुमान करीब 14 अरब डॉलर लगाया था। इसलिए फोर्ब्स की 2026 सूची के हिसाब से हुसैन सजवानी यूएई के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जबकि शेख मोहम्मद की अनुमानित निजी संपत्ति अलग स्रोतों में दी गई है। (हिफी)



