विश्व-लोक

नेपाल के पीएम बालेन शाह साल के अंत तक आ सकते हैं भारत

नई दिल्ली। नेपाल के वित्त मंत्री डॉक्टर स्वर्णिम वाग्ले ने कहा है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह इस साल के अंत तक भारत का दौरा कर सकते हैं। डॉक्टर वाग्ले 23 अक्टूबर को नई दिल्ली में एनडीटीवी वल्र्ड समिट में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत नेपाल के प्रगाढ़ होते रिश्तों और दोनों देशों के आर्थिक संबधों पर बात की। उन्होंने कहा कि नेपाली प्रधानमंत्री की भारत यात्रा से दोनों देशों के संबंधों की नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का फायदा नेपाल को भी मिलेगा।
एनडीटीवी की पद्मजा जोशी के साथ बातचीत में डॉ. वाग्ले ने कहा, भारत और नेपाल का रिश्ता बहुत गहरा, कभी-कभी कुछ परेशानियां आती हैं, लेकिन हम एक-दूसरे से मजबूती से जुड़े हुए हैं। दुनिया के किसी भी दूसरे देश के साथ नेपाल के वैसे रिश्ते नहीं हैं, जैसे भारत के साथ हैं। दोनों देश सिर्फ भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि गहरे सांस्कृतिक संबंधों से भी जुड़े हुए हैं। डॉ. वाग्ले ने संकट के समय नेपाल की मदद करने के लिए भारत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 2015 में आए भूकंप से लेकर हाल में आई बाढ़ तक, भारत ने नेपाल की मदद करने में हमेशा आगे बढ़कर काम किया है। वाग्ले ने कहा, यह सिर्फ हाल में आई बाढ़ की बात नहीं है। 2015 में जब नेपाल में बड़ा भूकंप आया था, तब भी भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आया था। मुझे याद है कि भूकंप आने के कुछ ही घंटों के भीतर राहत सामग्री लेकर एक विमान काठमांडू पहुंच गया था। हाल की बाढ़ के दौरान भी ऐसा ही देखने को मिला।
इस साल अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत की मदद का जिक्र करते हुए वाग्ले ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को तुरंत फोन कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री बालेन शाह को फोन किया और मदद का भरोसा दिया। दोनों देशों के बीच आधिकारिक बातचीत और संपर्क के दौरान भी भारत हमेशा मदद के लिए तैयार रहता है। भारत की ओर से कहा जाता है कि नेपाल को जिस चीज की जरूरत होगी, हम मदद के लिए मौजूद हैं। इससे दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होते हैं। उन्होंने माना कि भारत और नेपाल के संबंधों में कभी-कभी कुछ परेशानियां भी आती हैं, लेकिन दोनों देश एक-दूसरे से बहुत मजबूती से जुड़े हुए हैं। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button