परिणीति ने वीडियो काल पर राघव को कराए गणपति दर्शन

मुंबई में गणेशोत्सव की रौनक के बीच बॉलीवुड सितारों का लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीते दिन 21 सितंबर को अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा भी बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। परिणीति के इस दर्शन की सबसे खास बात उनका लुक नहीं, बल्कि उनके पति राघव चड्ढा से जुड़ा एक प्यारा पल रहा। दरअसल पंडाल में मौजूद परिणीति ने वीडियो कॉल के जरिए राघव को भी गणपति बप्पा के दर्शन करवाए।
लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान परिणीति चोपड़ा लगातार अपने पति राघव चड्ढा से वीडियो कॉल पर जुड़ी हुई थीं। उन्होंने फोन के जरिए राघव को बप्पा की प्रतिमा के दर्शन करवाए और पंडाल का माहौल भी दिखाया। इतना ही नहीं, अभिनेत्री ने उन्हें वहां दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ और लंबी कतारें भी दिखाईं। वीडियो कॉल पर राघव को बप्पा के दर्शन करवाते हुए परिणीति का यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है। दोनों भले ही उस वक्त एक साथ पंडाल में मौजूद नहीं थे, लेकिन वीडियो कॉल के जरिए राघव भी इस धार्मिक पल का हिस्सा बनते नजर आए। परिणीति ने पंडाल की कई चीजें कैमरे के जरिए उन्हें दिखाईं और बप्पा के सामने प्रार्थना की।
गणपति दर्शन के लिए परिणीति ने ट्रेडिशनल लुक चुना था। वह गुलाबी रंग के खूबसूरत एथनिक आउटफिट में नजर आईं। उनका यह लुक सिंपल होने के साथ-साथ फेस्टिव वाइब दे रहा था। आउटफिट के साथ उन्होंने लॉन्ग स्टेटमेंट ईयररिंग्स पहने थे, जो उनके पूरे लुक को और आकर्षक बना रहे थे। पंडाल की ओर जाते समय परिणीति के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। उन्होंने वहां मौजूद लोगों और फैंस का भी अभिवादन किया। मुंबई का लालबागचा राजा पंडाल हर साल गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का बड़ा केंद्र रहता है। (हिफी)



