रेखा ने घर चलाने के लिए शुरू की थी एक्टिंग

10 अक्टूबर 1954 को पैदा हुई फिल्म अभिनेत्री रेखा तमिल अभिनेता जैमिनी गणेशन और तेलुगु अभिनेत्री पुष्पावली की संतान हैं। रेखा का जन्म और पालन पोषण चेन्नई में हुआ। जन्म के बाद उनका नाम भानुमति रेखा रखा गया था। रेखा तेलुगु को अपनी मातृभाषा मानती हैं और हिंदी, तमिल और अंग्रेजी भी अच्छे से बोल लेती हैं। रेखा के जन्म के समय उनके माता पिता की शादी नहीं हुई थी और उनके पिता ने उनके बचपन में उन्हें अपनी संतान के रूप में स्वीकार नहीं किया था। रेखा की अभिनय में कोई रूचि नहीं थी परंतु बिगड़े हुए आर्थिक हालातों के चलते उन्हें स्कूल छोड़ कर एक्टिंग करना पड़ी।
रेखा ने 12 साल की उम्र में एक तेलुगु फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की जिसके तीन साल बाद उन्होंने एक कन्नड़ फिल्म से हीरोइन के तौर पर शुरुआत की। रेखा की पहली हिन्दी फिल्म अंजाना सफर थी। इसमें उनके साथ विश्वजीत हीरो थे। इसी फिल्म में एक चुंबन दृश्य था जिसने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। फिल्म सेंसरशिप की समस्याओं में फंसकर करीब दस साल बाद दो शिकारी नाम से रिलीज हुई थी। रेखा हमेशा से दुनिया घुमना चाहती थीं और इसी वजह से वह एयरहोस्टेज बनने का सपना देखती थीं। रेखा को मेकअप का बहुत शौक है और उनके इसी शौक के चलते उनकी एयरहोस्टेज दोस्त उनके लिए विदेशों से मेकअप किट लेकर आती थीं। कांवेट स्कूल में आयरिश ननों से शिक्षा प्राप्त करने के दौरान, रेखा नन बनना चाहती थीं। रेखा ने उद्योगपति मुकेश अग्रवाल से शादी की थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही मुकेश ने आत्महत्या कर ली थी। फिल्मी करियर के दौरान, रेखा का नाम अमिताभ बच्चन, राज बब्बर, विनोद मेहरा, नवीन निश्चल, जीतेंद्र, यश कोहली, शत्रुघ्न सिन्हा और अक्षय कुमार के साथ जुड़ा। रेखा के विनोद मेहरा के साथ शादी करने की खबरें भी सामने आईं परंतु रेखा ने उन्हें सिरे से नकार दिया। रेखा का नाम संजय दत्त के साथ भी जोड़ा गया, जो उनसे 5 साल छोटे हैं। इस विषय में रेखा ने एक बार कहा कि उन्होंने संजय दत्त से दोस्ती अमिताभ बच्चन को जलाने के लिए की थी। अमिताभ और रेखा एक-दूसरे के बेहद करीब रहे। अमिताभ की संगत में रेखा की शख्सियत में गजब के परिवर्तन हुए। वे अपने लुक के प्रति सजग हो गईं और जिंदगी को देखने का उनका नजरिया भी बदल गया। (हिफी)



