योगी का जेनजी व श्रमिकों को उपहार

जेनजी ने राजनीति को युवाओं की मुख्य समस्या बेरोजगारी की तरफ ठोस कदम उठाने को मजबूर कर दिया है। उत्तर प्रदेश मंे योगी आदित्यनाथ की सरकार भी विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देना चाहती है। योगी की सरकार चुनाव से पहले ही प्रदेश में 1 लाख नौकरियां देगी। इसके साथ ही विश्वकर्मा जयंती (17 सितम्बर) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कामगारों को श्रम सम्मान से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को आर्थिक सहायता के साथ ही कामकाज के उपकरण भी प्रदान किये। आर्थिक सहायता से श्रमिक अपना उद्योग भी लगा सकते हैं। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितम्बर को अपने जन्मदिन पर 2019 में प्रारम्भ की थी।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों
से पहले नौकरियों की बहार आने
वाली है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को प्रदेश में सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही ये भी ऐलान किया गया कि 19 सितंबर से इसकी शुरुआत होने जा रही है। यानी शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन के बाद अब तमाम दूसरी भर्तियों के लिए कुछ ही दिनों में नोटिफिकेशन जारी होने वाले हैं। सीएम योगी ने ये भी बताया कि सबसे ज्यादा किन पदों पर भर्ती निकलने जा रही है।
यूपी जैसे राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में रोजगार एक बड़ा मुद्दा होगा, ऐसे में योगी सरकार अपने 10 लाख नौकरियों वाले टारगेट को हर हाल में चुनाव से पहले पूरा करने की कोशिश में जुटी है। इसे चुनाव प्रचार के दौरान खूब इस्तेमाल किया जा सकता है। जो एक लाख नौकरियों का आंकड़ा बताया जा रहा है, उसमें से कई बड़ी भर्तियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिन एक लाख सरकारी नौकरियों की बात सीएम योगी कर रहे हैं, उनमें सबसे ज्यादा 77 हजार भर्तियां सिर्फ यूपी पुलिस और होमगार्ड की होंगीं। खुद सीएम योगी ने इसका ऐलान किया है। हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस और होमगार्ड की जिन 77 हजार भर्तियों की बात की, उनमें से ज्यादातर का प्रोसेस पूरा हो चुका है। हाल ही में यूपी में 41 हजार से ज्यादा पदों पर होमगार्ड की भर्ती निकाली गई थी, वहीं पुलिस सिपाही की 32 हजार से ज्यादा भर्ती का प्रोसेस भी पूरा हो चुका है। इनके फाइनल रिजल्ट का इंतजार है, जो कुछ ही दिनों में जारी किया जा सकता है।
यूपी में शिक्षकों के हजारों खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्राथमिक शिक्षा विभाग में सहायक
अध्यापक और पीजीटी की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। करीब 15 हजार पदों पर ये भर्ती होगी। इसके अवाला टीजीटी, असिस्टेंट प्रोफेसर, मदरसा शिक्षकों और तमाम पदों पर भी भर्ती होनी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग इसकी तैयारी कर रहा है।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



