विश्व-लोक

किम के परमाणु परीक्षणों से आए 1399 भूकम्प

उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षणों को लेकर एक नई वैज्ञानिक रिपोर्ट ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। स्टडी के अनुसार माउंट मंताप क्षेत्र में 2008 से 2025 के बीच 1,399 भूकंप दर्ज किए गए, जिनका संबंध वहां किए गए भूमिगत परमाणु विस्फोटों से हो सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि 2017 के सबसे बड़े परमाणु परीक्षण के बाद भूकंपीय गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वैज्ञानिकों के मुताबिक विस्फोट के कारण पहाड़ के भीतर मौजूद पुरानी दरारें सक्रिय हो गईं और चट्टानों में बने नए फ्रैक्चर तथा पानी के दबाव की वजह से छोटे-छोटे भूकंप लगातार आते रहे।
अध्ययन के अनुसार वैज्ञानिकों ने 2008 से 2025 के बीच के भूकंपीय आंकड़ों का विश्लेषण किया। इस दौरान माउंट मंताप के आसपास 1,399 भूकंप दर्ज किए गए। यह वही पर्वतीय क्षेत्र है जहां उत्तर कोरिया ने 2006 से 2017 के बीच छह भूमिगत परमाणु परीक्षण किए थे। शोधकर्ताओं का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर भूकंपीय गतिविधि का सामने आना असामान्य है। शोध के अनुसार माउंट मंताप और उसके आसपास का क्षेत्र पिछले लगभग दो हजार वर्षों से काफी शांत माना जाता था। वैज्ञानिकों ने बताया कि चीन और कोरिया के ऐतिहासिक रिकॉर्ड में इस इलाके में भूकंप की घटनाएं बेहद कम मिलती हैं। इसी वजह से परमाणु परीक्षणों के बाद बढ़ी गतिविधियों ने शोधकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
अध्ययन में कहा गया है कि 2013 में उत्तर कोरिया के तीसरे परमाणु परीक्षण के बाद पहला भूकंप दर्ज किया गया था। हालांकि अगले कुछ वर्षों तक भूकंपों की संख्या बहुत कम रही। स्थिति 2017 में बदल गई, जब उत्तर कोरिया ने अपना छठा और सबसे बड़ा परमाणु परीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्र में भूकंपों की संख्या और आवृत्ति दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button