गुटारेस ने भारत का समर्थन कर पाक को दिया झटका

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधारों की भारत की मांग का समर्थन करके पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट बढ़ाने का समर्थन किया और कहा कि यह संस्था आज का दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करती। खास बात है कि यूएन चीफ ने यह बयान पाकिस्तान की धरती पर और पाकिस्तान के विदेश मंत्री के ठीक बगल में खड़े होकर दिया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव पाकिस्तान के तीन दिन के सरकारी दौरे पर हैं। मंगलवार को जब वे इस्लामाबाद में पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, इसी दौरान एक पत्रकार ने कश्मीर को लेकर सवाल किया। यूएन चीफ ने सवाल को नजर अंदाज किया और सुरक्षा परिषद को लेकर बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा, सुरक्षा परिषद आज की दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा परिषद में यूरोप से 3 सदस्य हैं, लेकिन कोई अफ्रीकन सदस्य नहीं है- मेरा मतलब स्थायी सदस्यों से है। इसका मतलब है कि सुरक्षा परिषद को वैधता और प्रभावशीलता की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दुनिया में चल रहे संघर्षों का हवाला देते हुए सुरक्षा परिषद के कामकाज में बड़े सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि आज हम ऐसी स्थिति देख रहे हैं जहां वे महाशक्तियां, जो सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्य हैं, ही सबसे पहले संघर्ष शुरू करती हैं।
कई देशों को ऐसा लगता है कि वे जो चाहें कर सकते हैं, क्योंकि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा, और हम दुनिया भर में ऐसा ही देख रहे हैं। इसका समाधान केवल सुरक्षा परिषद में सुधार करके ही हो सकता है। पाकिस्तान की धरती से गुटेरेस का बयान इस्लामाबाद की उस मुहिम के लिए झटका है, जिसमें वह सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के विस्तार का विरोध कर रहा है। (हिफी)



