देश

भाजपा का विपक्ष पर आरोप, यह अविश्वास प्रस्ताव गरीब परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री के खिलाफ है, 2024 में आएंगी 400 सीटें

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे ऐसे प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाये हैं जो गरीब परिवार से आते हैं और जिन्होंने गरीब जनता को मकान, शौचालय और पीने का पानी उपलब्ध कराया। लोकसभा में कांग्रेस के गौरव गोगोई द्वारा सरकार के खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ‘‘आज यह अविश्वास प्रस्ताव एक गरीब के बेटे के खिलाफ लाया गया है।
यह प्रस्ताव उस व्यक्ति (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) के खिलाफ है जिसने गरीबों को मकान बनाकर दिये, जिसने गरीब जनता को पीने का पानी दिया, शौचालय दिये, जिसने गरीब के घर में उजाला लाने की कोशिश की।
दुबे ने कहा कि विपक्षी दलों का विरोध इस बात पर है कि प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में गरीब के घर में चूल्हा क्यों जल रहा है, विदेशी नेता प्रधानमंत्री का सम्मान क्यों करते हैं। उन्होंने कहा कि महाभारत में द्रोपदी का चीरहरण हो रहा था और भीष्म पितामह, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, धृतराष्ट्र आदि सब मौन धारण किये हुए थे।
दुबे ने कहा, ‘‘इसी तरह आज जब आप (विपक्ष) प्रधानमंत्री का, गरीबों और किसानों के एक हितैषी का चीरहरण करेंगे तो जिस तरह उस समय भीष्म पितामह, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, धृतराष्ट्र में से कोई नहीं बचा, उसी तरह 2024 में आपमें से कोई नहीं बचेगा। हम 400 सीट के साथ सत्ता में वापस आएंगे। ’’ भाजपा सांसद ने कहा कि आज अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में विपक्षी सदस्य जब भाग लेंगे तब जिस तरह से महाभारत में द्रोपदी चीरहरण हुआ था, उसी तरह वे प्रधानमंत्री की नीतियों का चीरहरण कर रहे हैं।
इससे पहले कांग्रेस सदस्य गौरव गोगोई का भाषण समाप्त होने के बाद जब दुबे ने सत्तापक्ष की ओर से बोलना शुरू किया तो उनके सोमवार को सदन में दिये गये बयानों के विरोध में कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा किया।
सदन में 10 मिनट से अधिक समय तक कार्यवाही बाधित रही। कांग्रेस सदस्य निशिकांत दुबे के लगाये गये आरोपों को पहले सदन की कार्यवाही से हटाये जाने और फिर कार्यवाही में शामिल किये जाने का दावा करते हुए हंगामा कर रहे थे।
लोकसभा अध्यक्ष ने इस पर कहा, ‘‘छोटी बातों पर गंभीर टिप्पणी करना उचित नहीं है।’’ इसके बाद कार्यवाही आगे बढ़ी। दुबे ने कहा कि कांग्रेस के सदस्य मणिपुर की बात कर रहे थे, लेकिन विपक्षी पार्टी को शहादत के बारे में कुछ नहीं पता। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मणिपुर के इतिहास का भुक्तभोगी हूं। मेरे मामा जब वहां सीआरपीएफ के डीआईजी थे तो उन पर हमला हुआ था और उन्हें अपने पैर गंवाने पड़े।’’ भाजपा सांसद ने कहा कि कल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सदस्यता बहाली पर विपक्षी पार्टी के सदस्य इतनी खुशी मना रहे थे, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने अभी केवल स्थगन आदेश दिया है, फैसला नहीं सुनाया।
दुबे ने कहा कि विपक्षी सांसद अपने गठबंधन ‘इंडिया’ की बात करते हैं लेकिन इनमें से कुछ को ही इसका विस्तृत नाम पता होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में सारे दल एक दूसरे से लड़ रहे हैं, लेकिन नाम ‘इंडिया’ रखा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button