51 प्रतिशत वोट लाने का प्रयास करें कार्यकर्ता : भट्ट
हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मुकाम हासिल किए। कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएं। आगामी लोकसभा चुनाव में सभी अपने-अपने क्षेत्र में 51 प्रतिशत तक वोट लाने का प्रयास करें।
महेंद्र भट्ट यहां रामपुर रोड स्थित होटल में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट के मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि संगठन में प्रथम पायदान की जिम्मेदारी निभा रहे मंडल अध्यक्षों को अब नई जिम्मेदारी दी जा रही है। आगामी दिनों में कई कार्यक्रम होने हैं। 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से और दो अक्तूबर गांधी जयंती तक मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत अमर शहीद परिवारों, राज्य आंदोलनकारियों और समाज में हर क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के आंगन से माटी एकत्र करनी है जिसे कर्तव्य पथ पर बन रहे स्मृति वन के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ता काम करना शुरू कर दें।
संगठन महामंत्री अजेय ने भाजपा संगठन की कार्यशैली और कार्यकर्ता के कर्तव्यों को लेकर चर्चा की और मोर्चो की सक्रियता बनाये रखने के गुर बताए। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को समाज की सेवा की दीक्षा देता है। जी-20 के सफल आयोजन की दुनिया प्रशंसा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगामी चुनावों में भी कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य करने का प्रण लें। सम्मेलन में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं, मंडल पदाधिकारियों का महिला कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।