देश

छत्तीसगढ़, राजस्थान सरकारों के खिलाफ कर रहे हैं मोदी साजिश : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी की सरकारें बहुत लोकप्रिय है और इससे घबरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन दोनों राज्यों की सरकारों पर निशाना साधते हुए उनके मुख्यमंत्रियों की छवि खराब करने की साजिश शुरु कर दी है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब भी कोई चुनाव सामने होता है तो मोदी भाजपा के लिए ईडी या आईटी विभाग को अपना मुख्य हथियार बनाना शुरु कर देते हैं। वेणुगोपाल ने कहा “छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी और कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करने के लिए मोदी की एक स्पष्ट साजिश है। छत्तीसगढ़ की जनता इस साजिश को समझती है और छत्तीसगढ़ के लोग ईडी का उपयोग करने के इस दुर्भावनापूर्ण अभियान का करारा जवाब देंगें।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा “वे जानते हैं कि यह चुनाव एकतरफा होने वाला है इसलिए इन चुनावों को जीतने के लिए मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने के वास्ते एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐजेंसी के लोग हर कांग्रेस नेता के दरवाजे पर पहुंच रही है। केंद्र सरकार को बताना चाहिए महादेव ऐप के खिलाफ कार्रवाई करने से उसे किसने रोका। मूल रूप से सट्टे में इस्तेमाल होने वाला यह एप दुबई से संचालित हो रहा है। यह स्पष्ट रूप से आपके डोमेन में है। आप इस ऐप के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। सिंघवी ने कहा सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में भाजपा बुरी हार की तरफ आगे बढ़ रही है। इसी के साथ भाजपा का ईडी के साथ गठबंधन भी बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसा कहने का कारण है- छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव एप मामले में जांच शुरु करती है, बहुत सारी चीजें जब्त कर लेती है लेकिन डेढ़ साल बाद ठीक चुनाव के समय, मोदी सरकार के निर्देश पर ईडी मामले कूद जाती है।
उन्होंने कहा ईडी के कूदते ही छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों पर प्रताड़ना का दौर शुरू होता है। ईडी सरकारी कर्मचारियों को परेशान करना शुरु कर देती है। इन कर्मचारियों को चार्जशीट में कोई भी तथ्य नहीं दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button