लोकसभा चुनाव 2024 में प्रत्याशी चयन में निर्णायक भूमिका निभाएगा भाजपा का जनमन सर्वे

लखनऊ। लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी चयन में नमो एप का जनमन सर्वे निर्णायक भूमिका निभाएगा। पार्टी की ओर से विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत बनाए जा रहे विकसित भारत एम्बेसडर अपने सर्वे में अपने सांसद की रिपोर्ट दे रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक एप पर सभी एम्बेसडर जनमत सर्वे में शामिल होंगे। इसमें अपने स्थानीय सांसद की क्षेत्र में उपलब्धता, जनता से व्यवहार, विकास कार्य सहित अन्य मुद्दों पर सांसद की रैंकिंग कर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि चुनाव में प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चयन में इस सर्वे को भी आधार बनाया जाएगा। सर्वे में जिस मौजूदा सांसद की रिपोर्ट खराब होगी, उसके टिकट पर तलवार लटक सकती है।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि इसका उद्देश्य यह है कि जनता जिन्हें पसंद नहीं कर रही है, उसे प्रत्याशी बनाकर मतदाताओं पर थोपा नहीं जाए। इसके जरिये प्रत्याशी चयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी बड़ा मकसद है।