राजनीति

जमुई से पूर्णिया तक का दंगल

 

बिहार में चुनावी दंगल काफी दिलचस्प होने जा रहा है। स्वर्गीय रामविलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी’-टूट गयी थी। उसका बड़ा हिस्सा चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस को मिला और भाजपा ने भी उन्हंे ही गले लगाया था लेकिन इस बार के चुनाव में भाजपा को लग रहा कि चिराग पासवान का पलड़ा भारी है, इसलिए पशुपति पारस को एक भी सीट नहीं मिली और चिराग पासवान की पार्टी को पांच सीटें मिली हैं। इन्हीं में से एक सीट जमुई है जहां चिराग के जीजा अरुण भारती चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के फैसले से पशुपति पारस नाराज तो हैं लेकिन खुलकर विरोध भी नहीं कर सकते। इसी जमुई में 4 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और लालू यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को आड़े हाथों लिया। पशुपति पारस ने कहा है कि वह भाजपा प्रत्याशी की मदद करेंगे, जाहिर है कि चिराग के जीजा की मदद नहीं करेंगे। इसी प्रकार पूर्णिया का मैदान भी दोस्ताना लड़ाई वाला हो गया है। अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करने वाले पप्पू यादव कहते थे जान भले ही चली जाए लेकिन पूर्णिया को नहीं छोड़ेंगे। पूर्णिया सीट बंटवारे में राजद के हिस्से में गयी और लालू ने वहां से बीमा भारती को प्रत्याशी बना दिया। पप्पू यादव भी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने निर्दलीय पर्चा भर दिया। दंगल तो मजेदार होगा ही।

पशुपति भले ही साथ नहीं दे रहे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जमुई में रैली को संबोधित करते हुए चिराग पासवान के हाथ मजबूत किये हैं। पीएम मोदी ने कहा आज का भारत घर में घुसकर मारता है। आज का भारत दुनिया को दिशा दिखाता है। जमुई में जनता से पीएम ने कहा कि ये चुनाव विकसित बिहार के सपने को पूरा करने का चुनाव है। एक तरफ कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां हैं जिन्होंने अपनी सरकार के समय पूरी दुनिया में देश का नाम खराब किया था। दूसरी तरफ भाजपा और एनडीए है जिसका एक ही लक्ष्य है विकसित भारत का निर्माण। आरजेडी के जंगलराज का बिहार कितना बड़ा भुगतभोगी होता था, सरकार की योजनाएं जमुई में पहुंचने ही नहीं दी जाती थी जिसका नुकसान मजदूर और किसान को होता था लेकिन आज वहीं जमुई विकास के हाईवे पर तेज रफ्तार पकड़ रहा है। नक्सलवाद दम तोड़ चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि जो भटक गए थे, अब उन्हें सरकार ने मुख्यधारा से जोड़ा। उनके परिवारों को सहयोग दिया। यहां से एक्सप्रेसवे निकलेगा, मेडिकल कॉलेज भी खुल गया। वहीं गया एयरपोर्ट के विस्तार की तैयारी भी चल रही है। पूरे बिहार में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक लाख करोड खर्च कर रही है। इसके अनेक अवसर बन रहे हैं। एक बात और भूलनी नहीं है, याद रखिए रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें, वो बिहार के युवाओं का कभी भला नहीं कर सकते। नीतीश भी रेल मंत्री थे लेकिन उनकी कोई शिकायत नहीं आई जबकि इन लोगों ने गरीबों की जमीन छीन ली। अब पूरे देश की तरह ही बिहार के लोग भी वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे हैं। दस साल में जो हुआ वो सब ट्रेलर है अभी बहुत कुछ करना है, बिहार को आगे ले जाना है। मुझे खुशी है कि छोटे भाई चिराग ने मेरे मित्र दिवंगत रामविलास पासवान की जगह ले ली है। कांग्रेस, उसके सहयोगी दल राजद ने देश को बदनाम किया है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने जमुई लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से अरुण भारती को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अरुण भारती को सिंबल प्रदान किया। इस मौके पर बिहार प्रदेश के अध्यक्ष राजू तिवारी मौजूद थे। आपको बता दें कि अरुण भारती, चिराग पासवान के बहनोई है। टिकट मिलने पर अरुण भारती ने इस बारे में एक्स पर जानकारी साझा की। अरुण भारती ने सोशल मीडिया पर लिखा, हमारे नेता एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय चिराग पासवान के द्वारा मुझे जमुई लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए पार्टी का सिंबल प्रदान किया गया है। मैं पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने मुझपर भरोसा जताया। मैं पापा जी द्वारा दिखाए गये पद चिन्हों पर आगे बढूँगा और चिराग के नेतृत्व में हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अबकी 400 पार के लिए अपना योगदान दूंगा। जमुई के विकास लिए मैं हमेशा तत्पर हूं। मुझे पूर्ण भरोसा है कि जमुई लोकसभा की जनता मुझे अपना आशीर्वाद देगी।
बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा तय किए गए सीट बंटवारे के तहत चिराग पासवान की पार्टी को पांच सीट मिली हैं। राजग में सीट बंटवारे के असंतुष्ट पारस ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देते हुए यह घोषणा की है कि वह हाजीपुर से फिर से चुनाव लड़ेंगे। हाजीपुर सीट का दिवंगत रामविलास पासवान ने कई बार प्रतिनिधित्व किया था। बीजेपी नेता कहते रहे हैं कि वे चाहेंगे कि लोजपा का दोनों गुट एक साथ आ जाए।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में नामांकन का आखिरी दिन बीत गया। किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, बांका और भागलपुर में नॉमिनेशन चल रहा था। इन पांचों में से सबसे हॉट सीट पूर्णिया है। पप्पू यादव ने पूर्णिया सीट से निर्दलीय नामांकन किया है। पप्पू के नामांकन पर बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने साफ कह दिया है कि पार्टी से बाहर नामांकन करने की इजाजत किसी को नहीं है। बता दें कि महागठबंधन में पूर्णिया सीट आरजेडी के कोटे में गई है। यहां से बीमा भारती ने पहले से ही नामांकन किया है। पप्पू यादव ने नॉमिनेशन के बाद कहा कि ये मेरी राजनीतिक हत्या की साजिश थी।

सीमांचल की आजादी, जातीय विवाद, भ्रष्टाचार और नफरत का खात्मा करना है। हर परिवार की खुशी और गरीबी मिटाने का मेरा संकल्प है। बिहार कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने पप्पू यादव के पूर्णिया से नामांकन को लेकर कहा कि वो कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नहीं हैं। कांग्रेस के कोटे में जो 9 सीट आई हैं उसमें पूर्णिया नहीं है। बीमा भारती ही गठबंधन की साझा प्रत्याशी हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी का एक-एक वर्कर बीमा भारती को जिताएगा। पप्पू यादव के पूर्णिया से नामांकन को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि सीट बंटवारे को लेकर आलाकमान ने तय कर दिया है। औरंगाबाद से निखिल कुमार उम्मीदवार थे, लेकिन उन्होंने नामांकन नहीं किया और सीट कांग्रेस को मिली है उसके बाहर नामांकन करने की इजाजत नहीं है। मैं परेशान जरूर हुआ हूं, मगर हिम्मत बरकरार है। कांग्रेस परिवार मेरे साथ है और मैं कांग्रेस के साथ खड़ा रहूंगा। देश और पूर्णिया की जनता के लिए मैं चुनाव लड़ रहा हूं। जनता के आशीर्वाद से जीत होगी। (हिफी)

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button