जनता ने हमारी नीति, नियत, निष्ठा पर भरोसा कर दिया तीसरा मौका: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश की जनता ने उनकी नीतियों, नियत और निष्ठा पर भरोसा किया है इसलिए उनके नेतृत्व वाली सरकार को तीसरी बार देश का नेतृत्व करने का मौका दिया है। मोदी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को कहा कि पहले हर दिन घोटाले होते रहे हैं। घोटालेबाज लोगों का एक कालखंड रहा है जिसे उनके नेतृत्व वाली सरकार ने दस साल में खत्म किया है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं बुराइयों से परेशान लोगों ने 2014 में उनकी सरकार बनाई और यह सरकार पूरी ताकत के साथ काम करते हुए देश की जनता की निराशा को खत्म किया है।
मोदी ने कहा “हमारी नीति नियत और निष्ठा पर देश की जनता ने विश्वास किया है। हम एक बड़े संकल्प के साथ देश की जनता के पास आशीर्वाद मांगने गये थे। हमने आशीर्वाद मांगा था और जनता ने तीसरी बार विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें सदन में भेजा है। भ्रष्टाचार में हर हाथ काला हो रहा था। उनकी सरकार ने 2014 के बाद नीतियों में परिवर्तन किया और आज दुनिया के बैंकों में भारत का नाम है।
विश्व के सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले बैंकों में भारतीय बैंक आ गये हैं। घोटाले होते थे तो सरकारें चुपचाप बैठी रहती थी कोई मुंह तक खोलने को तैयार नहीं था, लेकिन आज स्थिति बदली है। देश का हर नागरिक समझ गया है कि अपनी सुरक्षा के लिए भारत कुछ भी कर सकता है। मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में आज लोकतंत्र मजबूत स्थिति में है।
वहां की जनता ने लोकतंत्र पर भरोसा किया है। वहां से अनुच्छेद 370 हटाकर जनता को खुले में रहने का अवसर दिया गया है।