भाजपा में शामिल होंगे निजी शिक्षक: वीडी शर्मा

भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दो सितंबर से औपचारिक रूप से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान में निजी शिक्षकों को बड़े पैमाने पर भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी।
शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश भर के निजी शिक्षकों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति तैयार की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दो सितंबर से औपचारिक रूप से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान में निजी शिक्षकों को बड़े पैमाने पर भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वेच्छा से पार्टी से जुड़ने वाले शिक्षकों को सदस्यता दिलाएंगे।
वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान संगठन का पर्व है, जिसे तेज गति से संपन्न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का है, जिसे पार करने का हमें पूरा विश्वास है। इस सदस्यता अभियान के जरिए मध्य प्रदेश देशभर में इतिहास बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा, जो कि हर बूथ पर पार्टी की ताकत बनेंगे।