आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ेगी सरकार: धामी

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरकार बलिदानी आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। जन अपेक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड का विकास किया जा रहा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आंदोलनकारियों के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। हम आज के दिन को अनेक रूपों में मनाते हैं। देश की आजादी के लिए अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत पर चलने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं जय जवान-जय किसान का उद्घोष कर सैन्य शक्ति और किसानों की मजबूती के लिए कार्य करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है।
सभा का संचालन पूरण सिंह लिंगवाल और अध्यक्षता वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी कैप्टन मोहन सिंह रावत ने की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, रवींद्र जुगरान, डॉ. एसपी सती, जनकवि डॉ. अतुल शर्मा, विवेकानंद खंडूड़ी, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक ब्रिज भूषण गैरोला, खजानदास, सविता कपूर, आनंदी रावत, अशोक वर्मा, सुनील उनियाल गामा, केशव उनियाल, विवेकानंद खंडूड़ी, लालचन्द शर्मा, प्रदीप कुकरेती आदि मौजूद रहे।
उधर, गिरीश भद्री चौक बंजारावाला में पूर्व पार्षद ललित भद्री ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।