देश
गढ़ के जाम में फंसी 40 रोडवेज बसें, पहाड़ जाने में हुई परेशानी

हल्द्वानी। गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट पर कार्तिक पूर्णिमा मेले के चलते हाईवे पर लगे जाम में हल्द्वानी आने वाले रोडवेज की 40 बसें भी फंस गईं। ज्यादातर बसों के पांच घंटे देरी से शहर पहुंचने के कारण पहाड़ जाने वाले यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। ये बसें दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम से काठगोदाम और हल्द्वानी डिपो के लिए रवाना हुई थीं। जयपुर और हिसार से भी काठगोदाम डिपो की बसें दिल्ली होकर आती हैं। दिल्ली से आने वाली हल्द्वानी डिपो की बसें अल्मोड़ा, रानीखेत, नैनीताल आदि पर्वतीय क्षेत्रों में जाती हैं। दिल्ली से देरी से आने की वजह से पहाड़ जाने के लिए भी बसें देरी से चलीं। इससे कई घंटों तक सवारियों को इंतजार करना पड़ा।