देश
सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी, विशेषज्ञ डॉक्टरों के 70 फीसदी पद खाली

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा विशेषज्ञों की भारी कमी बनी हुई है। प्रदेश में कुल 5443 स्वीकृत पदों में से 3948 रिक्त पड़े हैं, जबकि केवल 1495 विशेषज्ञ चिकित्सक कार्यरत हैं। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। कई महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों के नहीं होने से मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। सरकार के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनी हुई है कि जल्द से जल्द रिक्त पदों को भरा जाए, ताकि चिकित्सा सेवाओं में सुधार हो सके। प्रदेश के अस्पतालों में निश्चेतना विशेषज्ञ के 490 में से 480 पद खाली है। वहीं, शिशु रोग विशेषज्ञ के 958 स्वीकृत पद में से 660, मेडिसिन विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ समेत अन्य विशेषज्ञों की स्थिति भी गंभीर है।