लेखक की कलम

दिव्या ने बनायी जननीति भारत पार्टी

आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरू की मेधावी छात्रा रह चुकी पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक यात्रा का श्रीगणेश शारदीय नवरात्र की पंचमी को स्कन्द माता की आराधना करते हुए किया है। उन्होंने नयी पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। पार्टी का नाम जननीति भारत रखा है। यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनकीे पार्टी जननीति भारत आगामी 2027 विधानसभा चुनाव मंे जनता के समक्ष जाएगी।
आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। दिव्या मित्तल ने अपनी नई पार्टी का नाम जन नीति भारत रखा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आगामी यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। दिव्या ने एक्स हैंडल पर विस्तार से बताया है कि उन्होंने पार्टी बनाने का फैसला क्यों किया है। उन्होंने जनता से उनके साथ जुड़ने की अपील की है। जन नीति भारत के संगठनात्मक ढांचे, संभावित गठबंधन की रणनीतियों और उत्तर प्रदेश के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। एक्स हैंडल पर जारी एक वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी नीति-निर्माण में आम लोगों को केंद्र में रखेगी। साथ ही, यह सुनिश्चित करेगी कि सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान केवल चुनाव के दिन ही नहीं, बल्कि हमेशा जनता के प्रति जवाबदेह बनी रहे। उन्होंने पार्टी के नाम और अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में उतरने के फैसले की घोषणा करते हुए कहा, अभी राजनीति आप पर शासन करती है। लेकिन जन नीति में आप ही शासन करेंगे।
आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु की पूर्व छात्रा रहीं दिव्या मित्तल ने 13 साल के करियर के बाद 30 अगस्त को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने 29 सितंबर को राजनीति में आने की घोषणा की थी। 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने राज्य में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर काम किया है, जिसमें संत कबीर नगर, देवरिया और मिर्जापुर में जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है।
दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर, देवरिया और संत कबीर नगर में अपने कार्यकाल के दौरान शासन से जुड़ी पहलों और जन शिकायतों के निवारण तंत्र की देखरेख की। जिला मजिस्ट्रेट के रूप में मिर्जापुर के साथ उनका पुराना जुड़ाव ही उनके इस फैसले का मुख्य आधार माना जा रहा है। दिव्या मिर्जापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने नवरात्रि के दौरान
विंध्यावासिनी देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की थी। (अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button