विश्व-लोक

एआई की चूक से अमेरिका-चीन में आए थे गंभीर टकराव के आसार

अमेरिकी सेना और खुफिया तंत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के बीच एक चैंकाने वाला मामला सामने आया है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, एआई की मदद से तैयार की गई एक गलत खुफिया रिपोर्ट के कारण अमेरिका और चीन के बीच गंभीर टकराव की स्थिति बन गई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मध्य पूर्व में मौजूद एक चीनी जहाज परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़े उपकरण ले जा रहा है। इस सूचना के आधार पर अमेरिकी सेना ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन अंतिम समय में जांच में रिपोर्ट गलत निकली और संभावित सैन्य टकराव टल गया।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना इसी वर्ष उस समय की है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव अपने चरम पर था। अमेरिकी सैन्य तंत्र में प्रसारित एक खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मध्य पूर्व में मौजूद एक चीनी जहाज परमाणु हथियार कार्यक्रम से संबंधित सामग्री ले जा रहा है। रिपोर्ट सामने आते ही अमेरिकी सैन्य अधिकारियों में चिंता बढ़ गई और तत्काल कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने जहाज को रोकने और उसकी जांच करने की योजना बना ली थी। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैनिकों को जहाज पर चढ़ने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे। कुछ सूत्रों का कहना है कि सशस्त्र सैनिक कार्रवाई के लिए तैयार थे, जबकि सैन्य विमान भी उड़ान भर चुके थे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि किसी भी समय ऑपरेशन शुरू हो सकता था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर अमेरिकी सेना ने किसी चीनी जहाज के खिलाफ कार्रवाई की होती, तो यह मामला दोनों देशों के बीच बड़े सैन्य टकराव में बदल सकता था। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button