योगी आदित्यनाथ ही होंगे चेहरा

राजनीति में बड़े नेताओं के बयान कभी-कभी पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण संकेत होते हैं। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गत 23 अप्रैल को एक बयान दिया तो उस पर राजनीति के जानकार चौक गये हैं। यह बयान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में अगले साल अर्थात् 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। योगी आदित्यनाथ यहां 2017 से ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष नितिन नवीन कहते हैं कि योगी आदित्यनाथ ही पार्टी के चेहरा होंगे। इस प्रकार भाजपा ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने पत्ते खोल दिये हैं। यह पत्ते उस समय खोले गये हैं जब राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी सपा ने पश्चिमी यूपी के दादरी में मिशन 2027 का आगाज किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक हिन्दी न्यूज चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। उनके नेतृत्व में सरकार चल रही है, ऐसे में हम निश्चित रूप से कहेंगे कि वही चेहरा होंगे। सवाल यह उठ रहा है कि नितिन नवीन ने यह बात साफ-साफ क्यों नहीं कही कि योगी आदित्यनाथ ही उत्तर प्रदेश में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। ध्यान रहे बिहार में भी नीतीश कुमार को ही एनडीए का चेहरा बताया गया था और साल भर के भीतर वहां क्या हुआ, यह किसी से छिपा नहीं है। इसीलिए नितिन नवीन के बयान पर कानाफूसी होने लगी है। बेहतर होगा कि भाजपा इस बात को भी स्पष्ट कर दे। यूपी में ही नहीं बिहार जैसे राज्य में भी सम्राट चैधरी योगी माॅडल अपनाने की बात कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में बीजेपी 15 साल के बाद 2017 में सत्ता में लौटी थी, उस समय बीजेपी ने अपने किसी भी नेता को सीएम पद का चेहरा घोषित नहीं किया था। केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे और अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। पीएम मोदी के नाम और काम पर बीजेपी चुनाव लड़ी थी और प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी। इसके बाद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया था। सीएम योगी ने पांच साल में हिंदुत्व के साथ सूबे की कानून व्यवस्था को लेकरएक मजबूत बुनियाद रखी थी और 2022 में बीजेपी की सीटें जरूर कम हुई थी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से ज्यादा सीटें आईं थीं। बीजेपी ने सीएम योगी को दूसरी बार भी उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया था, लेकिन चुनाव से पहले सीएम पद के चेहरे को लेकर कशमकश की स्थिति रही।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यूपी के मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि पहले जिस यूपी को वसूली और अपराध के लिए जाना जाता था, उसी यूपी को आज बेहतर कानून व्यवस्था और एक्सप्रेसवे के लिए जाना जाता है। साल 2027 में देश के सात राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, जिसमें सबसे अहम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड है। नितिन नवीन ने कहा, ‘देखिए उत्तर प्रदेश में माननीय प्रधानमंत्री जी, माननीय मुख्यमंत्री जी जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। जिस उत्तर प्रदेश को अपराध के लिए जाना जाता था, वसूली के लिए जाना जाता था। कास्ट के आधार पर भ्रमित किया जाता था। आज उत्तर प्रदेश विकास के लिए जाना जा रहा है, एक्सप्रेसवे के लिए जाना जा रहा है। लॉ एंड ऑर्डर के लिए जाना जा रहा है।
निश्चित रूप से आवाम की जिन चीजों की पहली आवश्यकता होती है, गुड गवर्नेंस, डेवलपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों के जैसे काम कर रहा है तो जनमानस इसको देखकर वोट करता है।’ इसके अलावा उन्होंने कहा, ‘आज अगर हमने गरीब की चिंता की। चाहे वो प्रधानमंत्री अन्न योजना से लेकर पूरी तरह से सरकार की योजनाओं को एकदम नीचे तक क्रियान्वयन किया। वहीं हमने इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ भी दिखाया। हम इन्वेस्टमेंट भी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर ला रहे हैं। एक लॉ एंड ऑर्डर का जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यूएसपी है,वो भी दिख रहा है। मैं मानता हूं कि आज उत्तर प्रदेश के कई शहर विकसित शहर के रूप में दिख रहे हैं तो ये सब चीजें हमारे लिए स्पष्ट रूप से हमारे तीसरे सरकार बनाने के लिए, हैट्रिक लगाने के लिए काफी है।’ नितिन नवीन ने कहा, ‘देखिए हमारे मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चला रहे हैं। तो निश्चित रूप से चेहरे वही होंगे। हर राज्य की सरकारों को वहां की परिस्थितियों को और चुनौतियों को संभालने के लिए कई-कई चीजें होती हैं। लेकिम हम अपने ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हैं। हम डेवलपमेंट को देखते हैं। हम वहां के इंप्रूवमेंट, जो वहां के हर आदमी के लाइफ में उस ग्रोथ को देखते हैं।
पश्चिम बंगाल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आक्रामक भाषणों से राजनीतिक तापमान को जिस तरह बढ़ाया उससे भी नितिन नवीन की बात ही पुख्ता होती है। बिहार में तो योगी माॅडल चलाने की बात सम्राट चैधरी कर ही रहे हैं, पश्चिम बंगाल में भी भाजपा उसी माॅडल को चलाएगी। आसनसोल और बीरभूम जिलों के बाराबनी, रामपुरहाट और बोलपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं में योगी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी भड़काऊ बयान से भयभीत न हों और भाजपा को समर्थन दें। योगी ने “डबल इंजन सरकार” की बात को दोहराते हुए दावा किया कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर बंगाल को भी भय, भ्रष्टाचार और माफियाराज से मुक्ति मिलेगी।
सीएम योगी ने बंगाल की धरा पर तृणमूल कांग्रेस को चुनौती देते हुए मतदाताओं से कहा कि टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं या कोई मौलाना क्या बक रहा है, आप किसी से भयभीत न होइए। डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखाई देंगे। अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए सुधारों का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले यूपी की स्थिति भी बेहद खराब थी, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद दंगे और अपराधों पर नियंत्रण पाया गया। योगी ने बताया कि माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई कर उन्हें गरीबों के कल्याण के लिए उपयोग में लाया गया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बंगाल में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई कर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



